दिल्ली विवाद के बीच बैज से सिंहदेव बोले-सीएम बनिए
दिल्ली विवाद के बीच बैज से सिंहदेव बोले-सीएम बनिए
पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव और छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। दीपक बैज ने कहा कि टीएस सिंहदेव बड़े नेता हैं, उन्हें दिल्ली में जाकर काम करना चाहिए और छत्तीसगढ़ में युवाओं को मौका देना चाहिए।
इस बयान के बाद सिंहदेव ने दीपक बैज से फोन पर बात की। दोनों नेताओं की बातचीत का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में सिंहदेव हंसते-मुस्कुराते कहते सुनाई दे रहे हैं- “कोई बात नहीं, लगा रहता है... दीपक बैज खूब मेहनत करें, भविष्य में मुख्यमंत्री बनें, शुभकामनाएं हैं। अपना काम करते रहना है।”
दरअसल, हाल ही में दैनिक भास्कर को दिए इंटरव्यू में टीएस सिंहदेव ने कहा था कि अगर पार्टी उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी देती है, तो वह उसे निभाने के लिए तैयार हैं। इसी सवाल पर बैज ने यह बयान दिया था।
बैज के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सिंहदेव ने कहा कि वे आज भी खुद में युवाओं जैसी ऊर्जा महसूस करते हैं और छत्तीसगढ़ के लिए ही काम करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि वह खुद चुनाव हारे हैं और दीपक बैज भी चुनाव हार चुके हैं। हर कांग्रेसी की पहली जिम्मेदारी अपने संगठन और क्षेत्र को मजबूत करना है।वहीं कांग्रेस में चल रही इस बयानबाजी पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने तंज कसते हुए कहा कि पार्टी की अंदरूनी लड़ाई अब खुलकर सामने आ गई है। उन्होंने कहा- “ऊपर भी कुछ न कुछ खिचड़ी पक रही है।”
PCC चीफ दीपक बैज ने कहा कि सिंहदेव कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति के सदस्य रह चुके हैं और तमिलनाडु और पुडुचेरी जैसे राज्यों के प्रभारी की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं।
पार्टी जहां भी जिम्मेदारी देती है, सिंहदेव वहां जाकर काम करते हैं। ऐसे में उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए, दिल्ली जाकर काम करना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी सभी नेताओं को साथ लेकर बेहतर तरीके से काम कर रही है। दीपक बैज के इस बयान को कांग्रेस संगठन और नेतृत्व में चल रही अंदरूनी चर्चाओं से जोड़कर देखा जा रहा है।