राजनीति

कांग्रेस नेता नरेंद्र जैन पर झूठा-मामला दर्ज करने का था-विरोध

कांग्रेस नेता नरेंद्र जैन पर झूठा-मामला दर्ज करने का था-विरोध

सूरजपुर जिले के विश्रामपुर थाने के सामने पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव का आमरण अनशन और प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज की भूख हड़ताल खत्म हो गई है। इससे पहले अनशन पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी बैठे थे। उन्होंने एक आमसभा में कहा था कि चुनाव को प्रभावित करने के लिए कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष के खिलाफ फर्जी मामला दर्ज किया गया है।

प्रदेश के कांग्रेसी चूड़ी पहनकर नहीं बैठे हैं। थानेदार का नाम हमेशा याद रखा जाएगा और सरकार आती-जाती रहती है। किसी दिन उनकी भी सरकार आएगी। एसपी और आईजी को भी इस बात को समझ लेना चाहिए। जब मामला उनकी जानकारी में आ गया है, तो उसे सुधार लिया जाना चाहिए।

अनशन के बाद बघेल और सिंहदेव साथ साथ भोजन के लिए रवाना हुए। कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किए जाने को लेकर कांग्रेस नेता धरने पर बैठे थे। बुधवार को सूरजपुर एसडीएम और एएसपी आंदोलन स्थल पर पहुंचे।

उन्होंने कांग्रेस नेताओं से चर्चा की और अधिकारियों से बातचीत कराई। कांग्रेस की मांग के अनुरूप टीआई के निलंबन और आर्म्स एक्ट की धाराओं को वापस लेने के आश्वासन के बाद आंदोलन स्थगित कर दिया। आंदोलन खत्म होने के बाद पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने सोशल मीडिया पोस्ट कर कहा कि न्याय के लिए चल रहे संघर्ष की राह में पहली मांग पूरी हुई है।

Leave Your Comment

Click to reload image