जिला

झाल सुशासन तिहार में कांग्रेस का हंगामा, भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने, घंटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा..

सारंगढ़-बिलाईगढ़// झाल में आयोजित सुशासन तिहार शिविर उस समय राजनीतिक अखाड़े में बदल गया, जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विभिन्न जनहित मुद्दों को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष किशोर पटेल के नेतृत्व में सारंगढ़ विधायक उत्तरी जांगड़े सहित बड़ी संख्या में पहुंचे कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता काले शर्ट पहनकर शिविर स्थल पहुंचे तथा भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के चलते कार्यक्रम स्थल पर लंबे समय तक हाई वोल्टेज माहौल बना रहा।

कांग्रेस नेताओं ने प्रदर्शन के दौरान बढ़ती महंगाई, किसानों को समय पर खाद नहीं मिलने, सामाजिक सुरक्षा पेंशन की समस्याओं, महतारी वंदन योजना के क्रियान्वयन और अन्य जनसमस्याओं को प्रमुख मुद्दा बनाया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप था कि सरकार की कई योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पूरी तरह नहीं पहुंच रहा है, जिससे आम जनता और किसानों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। ब्लॉक अध्यक्ष किशोर पटेल ने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज बनकर लगातार संघर्ष करती रहेगी और जनहित के मुद्दों पर पीछे नहीं हटेगी।

इसी बीच माहौल तब और गरमा गया जब कांग्रेस के आरोपों का जवाब देने भाजपा नेता रामकृष्ण नायक मंच पर पहुंचे। भाजपा नेता के बोलना शुरू करते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आपत्ति जताई और देखते ही देखते दोनों दलों के समर्थक आमने-सामने आ गए। कार्यक्रम स्थल पर आरोप-प्रत्यारोप और तीखी बहस का दौर शुरू हो गया, जिससे कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों ने भी इस घटनाक्रम पर अपनी प्रतिक्रिया दी, जिससे विवाद और बढ़ गया।

स्थिति को बिगड़ता देख प्रशासन सक्रिय हुआ। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पहले से मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अमले ने मोर्चा संभाला। अनुविभागीय अधिकारी वर्षा बंसल ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराया, जिसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपना ज्ञापन प्रशासन को सौंपा। हालांकि शिविर अंततः शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया, लेकिन झाल का यह सुशासन तिहार राजनीतिक टकराव और घंटों चले हाई वोल्टेज ड्रामे के कारण पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया।

Leave Your Comment

Click to reload image