अवैध रेत उत्खनन पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई
इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली
मुंगेली । कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिले में खनिजों के अवैध खनन, परिवहन आदि गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में वन विभाग को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर मुंगेली वनमंडल के खुड़िया वन परिक्षेत्र अंतर्गत बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रेत उत्खनन में संलिप्त 05 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए गए हैं। वनमंडलाधिकारी श्री अभिनव कुमार के निर्देशानुसार खुड़िया परिक्षेत्र के वन अमले ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भूतकछार परिसर के बीट क्रमांक 487 आर.एफ. क्षेत्र में दबिश दी। निरीक्षण के दौरान वन क्षेत्र में अवैध रूप से रेत उत्खनन एवं परिवहन करते हुए 05 ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़े गए, जिन्हें मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
वन विभाग द्वारा संबंधित वाहन मालिकों एवं संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध वन अपराध प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। वनमंडलाधिकारी ने कहा कि कि संरक्षित वन क्षेत्रों में किसी भी प्रकार का अवैध उत्खनन, परिवहन अथवा प्राकृतिक संसाधनों का दोहन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वन एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए विभाग पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है। अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी लगातार अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाएगी।