राजनीति

रायपुर में बिजली संकट, कांग्रेस नेताओं ने किया प्रदर्शन

रायपुर में बिजली संकट, कांग्रेस नेताओं ने किया प्रदर्शन

बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और ट्रांसफार्मर खराब होने की समस्याओं को लेकर रायपुर पश्चिम के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने सोमवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।

उन्होंने आरोप लगाया कि भीषण गर्मी के बीच अघोषित बिजली कटौती से आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है और संबंधित विभाग समस्याओं के समाधान में गंभीरता नहीं दिखा रहा है।

पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि, गुढ़ियारी क्षेत्र राजधानी का घनी आबादी वाला इलाका है, जहां बिजली संबंधी समस्याएं सबसे अधिक हैं। पूर्ववर्ती सरकार के दौरान यहां बिजली सब-स्टेशन के लिए फंड स्वीकृत किया गया था।

लेकिन भूमि उपलब्ध नहीं होने के कारण परियोजना अधूरी पड़ी हुई है। उनका कहना है कि रायपुर में नजूल और ट्रस्ट की पर्याप्त जमीन उपलब्ध है, जिसका इस्तेमाल बिजली विभाग को सब-स्टेशन निर्माण के लिए किया जा सकता है।

उपाध्याय ने कलेक्टर को सुझाव देते हुए कहा कि, गुढ़ियारी स्थित मारुति मंगलम या संजय गांधी नगर के आसपास उपलब्ध रिक्त भूमि पर तत्काल नया बिजली सब-स्टेशन स्थापित किया जाए, जिससे लाखों उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।रामनगर, गोकुल नगर, कृष्णा नगर, अशोक नगर, तिलक नगर, रायपुरा, डीडी नगर, सुंदर नगर, लाखे नगर, टिकरापारा और पुरानी बस्ती सहित कई इलाकों के लोग बिजली संकट से परेशान हैं।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि रायपुर पश्चिम के वर्तमान विधायक जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर रहे हैं, जिसके कारण लोग अपनी शिकायतें लेकर उनके पास पहुंच रहे हैं। उपाध्याय ने कहा कि छात्र, व्यापारी, महिलाएं और वरिष्ठ नागरिक सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।

पूर्व विधायक ने चेतावनी दी है कि, यदि बिजली कटौती और अन्य समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी।

इसके तहत पहले बिजली विभाग का घेराव, संबंधित अधिकारियों और ऊर्जा विभाग के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image