राजधानी

हथखोज इंडस्ट्रियल एरिया की फैक्ट्री में भीषण आग, दो घंटे की मशक्कत के बाद पाया गया काबू

विजय मिश्रा ,ब्यूरो चीफ 
दुर्ग/ भिलाई।

*कोयला टैंक में लगी आग, अग्निशमन दल की तत्परता से टला बड़ा हादसा

भिलाई नगर: 03 जून 2026: भिलाई के हथखोज इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एम.आर. एंटरप्राइजेज कंपनी में बुधवार तड़के कोयला टैंक में भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा की टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।शहर और स्थानीय मार्गदर्शिका से
प्राप्त जानकारी के अनुसार रात लगभग 2 बजे एम.आर. एंटरप्राइजेज के कोयला टैंक में अचानक आग भड़क उठी। आग की तेज लपटें और धुआं निकलता देख कंपनी प्रबंधन द्वारा तत्काल अग्निशमन कार्यालय दुर्ग को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की एक दमकल टीम को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। मौके पर पहुंचने पर अग्निशमन कर्मियों ने देखा कि कंपनी परिसर के भीतर स्थित कोयला टैंक में भीषण आग लगी हुई है और लपटें तेजी से फैल रही हैं।

अग्निशमन दल ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का अभियान शुरू किया। कर्मचारियों ने जोखिम उठाते हुए आग की लपटों को नियंत्रित किया और उसे आसपास के क्षेत्रों तक फैलने से रोक दिया। करीब दो घंटे तक चले राहत एवं बचाव कार्य के बाद आग पर पूर्ण रूप से काबू पा लिया गया।

अधिकारियों के अनुसार आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच की जा रही है।

जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि अग्निशमन दल की तत्परता और साहसिक प्रयासों के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। आगजनी की इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

Leave Your Comment

Click to reload image