समयमान वेतनमानवृद्धि में लापरवाही पर डीईओ अजय मिश्रा को कारण बताओ नोटिस कलेक्टर ने जताई नाराज़गी, लापरवाही को बताया गंभीर त्रुटि
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB)
जिले के शिक्षा विभाग में एक बार फिर लापरवाही सामने आई है। जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) अजय मिश्रा को समयमान वेतनमानवृद्धि (ACP/MACP) मामलों में लापरवाही बरतने पर कलेक्टर ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
कलेक्टर द्वारा जारी नोटिस में स्पष्ट कहा गया है कि समयमान वेतनमानवृद्धि का कार्य वर्षों से लंबित है, जिससे शिक्षक एवं कर्मचारियों को समय पर वित्तीय लाभ नहीं मिल पा रहा है। इससे विभागीय कार्यों में असंतोष और प्रशासनिक अस्थिरता बढ़ रही है।

सूत्रों के अनुसार, कई शिक्षकों की ACP/MACP फाइलें महीनों से लंबित पड़ी हैं, जिन पर समय पर कार्यवाही नहीं की गई। यह कार्य में उदासीनता और प्रशासनिक अनुशासनहीनता का स्पष्ट उदाहरण माना जा रहा है।
कलेक्टर ने डीईओ अजय मिश्रा से इस संबंध में 3 दिन के भीतर जवाब मांगा है। यदि संतोषजनक उत्तर प्राप्त नहीं होता है, तो उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।
विभागीय हलकों में हड़कंप
इस नोटिस के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। शिक्षकों और कर्मचारियों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर इतनी बड़ी लापरवाही कैसे नजरअंदाज की गई।

पूर्व में भी उठ चुके हैं सवाल
गौरतलब है कि डीईओ कार्यालय की कार्यप्रणाली को लेकर पूर्व में भी कई बार जनप्रतिनिधियों एवं शिक्षक संगठनों ने सवाल उठाए हैं। अब कलेक्टर द्वारा जारी नोटिस ने इन आरोपों को और बल दे दिया है।
अब देखना होगा कि डीईओ मिश्रा इस नोटिस का क्या जवाब देते हैं और प्रशासन आगे क्या कदम उठाता है।