जिला

BSP के निजीकरण की खबरों को मैनेजमेंट ने बताया झूठा

दुर्ग-भिलाई

भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) के निजीकरण और अडानी समूह के इसे खरीदने की चर्चा के बीच मैनेजमेंट ने BSP के निजीकरण से जुड़ी खबरों को झूठा और भ्रामक बताया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अडानी समूह के प्रतिनिधियों के BSP दौरे की संभावना पर केंद्र सरकार से सवाल किए थे।

इसके बाद भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने कहा था कि वे भिलाई इस्पात संयंत्र को बिकने नहीं देंगे। वहीं, वैशाली नगर से भाजपा विधायक रिकेश सेन ने भूपेश बघेल और देवेंद्र यादव के घर के सामने धरना देने की बात कही थी।

उन्होंने कांग्रेस नेताओं को अपने दावों के सबूत सार्वजनिक करने की चुनौती भी दी थी। अब BSP बयान जारी कर निजीकरण की खबरों को झूठा और भ्रामक बताया है।

भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने भी बीएसपी के निजीकरण का विरोध किया था। उन्होंने कहा था कि अंबानी-अडानी को बीएसपी खरीदने नहीं देंगे। बीएसपी सिर्फ एक कारखाना नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की पहचान है। भिलाई से लोगों की यादें जुड़ी हैं।

उन्होंने कहा कि बीएसपी को बचाने के लिए आखिरी समय तक लड़ाई लड़ेंगे और इसे किसी भी हाल में बिकने नहीं देंगे।

बीएसपी के निजीकरण को लेकर कांग्रेस नेताओं के आरोपों पर वैशाली नगर से भाजपा विधायक रिकेश सेन ने कहा कि अगर उनके पास बीएसपी को अडानी समूह या किसी निजी कंपनी को बेचने से जुड़े दस्तावेज हैं, तो उन्हें सार्वजनिक करें। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर अफवाह फैलाने का आरोप लगाया।

रिकेश सेन ने कहा कि अगर भिलाई इस्पात संयंत्र को अडानी या किसी दूसरी निजी कंपनी को बेचने की कोशिश हुई, तो वे सबसे पहले विरोध में धरने पर बैठेंगे। उन्होंने भूपेश बघेल और देवेंद्र यादव के घर के बाहर भी धरना देने की बात कही।

इस पूरे घटनाक्रम के बीच भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन ने बयान जारी कर प्लांट को बेचने की योजना से जुड़ी खबरों को झूठा और भ्रामक बताया है। प्रबंधन के मुताबिक, सोशल मीडिया और कुछ प्रिंट मीडिया में इस तरह की खबरें फैलाई जा रही हैं।

बयान में बताया गया कि इस्पात मंत्रालय ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर इन दावों का खंडन किया है। वहीं, प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (पीआईबी) की फैक्ट चेक टीम ने भी इन खबरों को झूठा बताया है।

Leave Your Comment

Click to reload image