सीमांकन के नाम पर रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार
बलरामपुर:/
बलरामपुर ज़िले में भ्रष्टाचार पर शिकंजा कसते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने एक पटवारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पटवारी हेमंत कुजूर, जो राजस्व हल्का क्षेत्र में पदस्थ है, पर एक किसान से निजी भूमि के सीमांकन के एवज में 10,000 रुपए की रिश्वत मांगने का आरोप है। परसडीहा जनपद पंचायत वाड्रफनगर के निवासी राजेश पटेल ने अपनी निजी भूमि के सीमांकन के लिए आवेदन दिया था। आरोप है कि इसके बाद पटवारी हेमंत कुजूर लगातार उससे पैसों की मांग कर रहा था। शिकायतकर्ता राजेश ने पहले ही 2,000 रुपए बतौर एडवांस दे दिए थे, लेकिन पटवारी ने शेष 8,000 रुपए की मांग की।
राजेश पटेल ने इसकी शिकायत ACB से की, जिसके बाद टीम ने जाल बिछाया। जैसे ही पटवारी ने शेष 8,000 रुपए की रकम तहसील कार्यालय के सामने ली, ACB की टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।