जिला

शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय में धूमधाम से मनाया रक्षा बंधन नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपने हाथों से बनाई राखियां, भाइयों की कलाई पर बांधकर मनाया पर्व

रिगनी  / खरौद

 शिवरीनारायण में भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का प्रतीक रक्षा बंधन पर्व शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने अपने हाथों से रंग-बिरंगी और आकर्षक राखियां तैयार कीं और बाद में उन्हीं राखियों को अपने भाई-बहनों की कलाई पर पहनाकर पर्व की खुशियां साझा कीं विद्यालय में राखी निर्माण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों ने रंगीन धागे, मोती और सजावटी सामग्री का उपयोग कर सुंदर राखियां बनाईं। प्रतियोगिता में बेहतर राखी तैयार करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्रदान कर पुरस्कृत किया गया। पुरस्कार मिलने पर बच्चों में उत्साह और खुशी का माहौल रहा।


इसके बाद रक्षा बंधन का मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। छात्राओं ने अपने हाथों से बनाई राखियां छात्रों की कलाई पर बांधीं। इससे पहले बहनों ने भाइयों का तिलक लगाया, आरती उतारी और मिठाई खिलाई। भाइयों ने भी बहनों को उपहार भेंट कर उनके प्रति स्नेह और सम्मान व्यक्त किया। अपने हाथों से बनाई राखी जब बच्चों ने भाइयों की कलाई पर बांधी तो विद्यालय परिसर में भाई-बहन के प्रेम और आत्मीयता की सुंदर झलक देखने को मिली।


कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षिका रेशमा उरांव, मीनाक्षी केसरवानी, लक्ष्मीन मांझी एवं तनु धीवर का सराहनीय योगदान रहा। इनके मार्गदर्शन में बच्चों ने राखी निर्माण किया और पूरे कार्यक्रम को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया गया। शिक्षिकाओं ने बच्चों को रक्षा बंधन की धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक महत्ता के बारे में जानकारी दी इस अवसर पर शाला के प्रधान पाठक ओमप्रकाश शर्मा, सत्यनारायण यादव, मनमोहन महिलांगे, विनोद सिदार, मनीराम कश्यप, लक्ष्मीनारायण कश्यप, अजय मधुकर एवं संकुल समन्वयक अमन केसरवानी विशेष रूप से उपस्थित रहे। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में भारतीय संस्कृति, संस्कार, प्रेम, भाईचारे और आपसी सद्भाव की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Leave Your Comment

Click to reload image