कोरबा में उफनते नाले में डूबी स्कॉर्पियो,
कोरबा
छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर का दादर नाला उफान पर है। शनिवार सुबह नाला पार कर रही स्कॉर्पियो पानी के तेज बहाव में डूब गई। गाड़ी में सवार तीन दोस्तों ने बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। आधे घंटे बाद गाड़ी को भी बाहर निकाल लिया गया।
बताया जा रहा है कि मना करने के बावजूद वे नाला पार कर रहे थे। घटना के बाद दोनों तरफ आवाजाही बंद कर दी गई है। वहीं, कोरबा जिले में लगातार बारिश के बाद कई वार्डों में पानी भर गया है।
इसके अलावा कनकी-सर्वमंगला मुख्य मार्ग पर एसईसीएल कुसमुंडा की डंपिंग का मलबा बहकर आ गया। इससे सड़क पूरी तरह मिट्टी और कीचड़ से भर गई। इस दौरान एक कार और यात्री बस मलबे में फंस गई। कार पूरी तरह मिट्टी में डूब गई, जबकि बस के पहिए भी फंस गए। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।