जिला

नक्सल पुनर्वास को नई गति देने कलेक्टर-एसपी ने की व्यापक समीक्षा ????मुख्यधारा से जुड़ने वाले हितग्राहियों को सभी शासकीय योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश

नक्सल पुनर्वास योजना के तहत् पीड़ित हितग्राहियों को अनुकंपा नियुक्ति अथवा 15 लाख की आर्थिक सहायता के प्रकरणों की समीक्षा

????शहीद स्मारक के निर्माण हेतु चर्चा 

सदाशिव राना / बीजापुर


कलेक्टर  विश्वदीप की अध्यक्षता में जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला स्तरीय नक्सल पुनर्वास समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई । बैठक में नक्सल पुनर्वास नीति के प्रभावी क्रियान्वयन, पुनर्वास कार्यों की प्रगति तथा आत्मसमर्पित व्यक्तियों को शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित करने के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई ।

कलेक्टर ने पुनर्वास प्राप्त हितग्राहियों को स्वरोजगार, कौशल विकास, आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य, राशन, बैंकिंग सेवाओं तथा अन्य शासकीय योजनाओं से जोड़ने पर विशेष बल देते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ पहुंचना चाहिए । बैठक में उपस्थित सभी अनुविभागीय अधिकारियों, जनपद पंचायतों एवं संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए ।

बैठक में पुलिस अधीक्षक बीजापुर  उमेश प्रसाद गुप्ता ने पुनर्वास नीति के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु प्रशासन एवं पुलिस के समन्वित प्रयासों पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि आत्मसमर्पण करने वाले व्यक्तियों का समुचित पुनर्वास उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने तथा उन्हें सम्मानजनक एवं सुरक्षित जीवन प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पुनर्वास से जुड़ी समस्त प्रक्रियाओं को संवेदनशीलता, गंभीरता एवं प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए । बैठक में नक्सल पीड़ित प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर भी विशेष चर्चा की गई । मृत आम नागरिकों के संबंधित वारिसानों से जुड़े लंबित प्रकरणों का नियमानुसार शीघ्र निराकरण करने तथा पात्र पीड़ित परिवारों को अनुकंपा नियुक्ति एवं नियुक्ति के बदले  ₹15 लाख की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही जिले में पुनर्वासित एवं नक्सल पीड़ित को शासन द्वारा मिलने वाली समस्त प्रकार की सुविधाओं के लिए पुलिस मुख्यालय द्वारा बनाये गये डेशबोर्ड पर एंट्री करने हेतु सबंधित विभाग को आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये । पुनर्वासित एवं नक्सल पीड़ित  व्यक्तियों को शासन की पुनर्वास नीति के अंतर्गत पात्रतानुसार समग्र लाभ उपलब्ध कराने तथा उनके पुनर्वास की निरंतर समीक्षा एवं निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

समीक्षा बैठक में मुख्यकार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत बीजापुर नम्रता चौबे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  रविन्द्र मीणा, जिले के समस्त अनुभागों के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस तहसीलदार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में पुनर्वास कार्यों को और अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाने के लिए विभागवार कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

Leave Your Comment

Click to reload image