सल्हेओना हाई स्कूल में 'MY BHARAT' अभियान की जानकारी, विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण से जुड़ने का दिया संदेश..
सारंगढ़-बिलाईगढ़//
सल्हेओना हाई स्कूल में शुक्रवार को 'MY BHARAT - मेरा युवा भारत' अभियान के तहत विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छात्रों को केंद्र सरकार की इस पहल की जानकारी देते हुए राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से 'MY BHARAT' अभियान चलाया जा रहा है। इसके माध्यम से युवाओं को कौशल विकास, रोजगार, स्वयंसेवा और विभिन्न सरकारी अवसरों की जानकारी एक ही मंच पर उपलब्ध कराई जाती है।
दो मिनट में पंजीयन की दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान छात्रों को मोबाइल के माध्यम से ओटीपी डालकर केवल दो मिनट में MY BHARAT पोर्टल से जुड़ने की प्रक्रिया भी बताई गई। विद्यार्थियों को समझाया गया कि इस प्लेटफॉर्म से जुड़ने के बाद उन्हें स्किल ट्रेनिंग, रोजगार, स्वयंसेवी गतिविधियों और अन्य सरकारी योजनाओं की जानकारी समय-समय पर मिलती रहेगी।
विकसित भारत के संकल्प में युवाओं की भूमिका पर जोर
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को पूरा करने में युवाओं की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होगी। विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे ऐसे अभियानों से जुड़कर अपनी प्रतिभा का बेहतर उपयोग करें और देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाएं। इस अवसर पर सरिया मंडल मंत्री अजय पटेल, रोशन पटेल, सल्हेओना हाई स्कूल के प्राचार्य धरमपाल पटेल सहित विद्यालय के शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।