भिलाई स्टील प्लांट में लोहा चोरी मामला, BJP नेता गिरफ्तार:
दुर्ग-भिलाई
छत्तीसगढ़ के भिलाई स्टील प्लांट (BSP) में करोड़ों के लोहा चोरी का मामला सबसे चर्चित मामलों में शामिल हो गया है। प्लांट के GM हिमांशु भूषण मलिक और AGM मनोज कुमार देवांगन के बाद पुलिस ने शनिवार को भाजपा नेता भास्कर मुदलियार को गिरफ्तार किया है। मुदलियार वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा मंडल के कोषाध्यक्ष है। पुलिस का कहना है कि लोहा चोरी में जिन ट्रकों का इस्तेमाल किया जा रहा था, वे भास्कर मुदलियार से जुड़े हैं। इसी आधार पर उससे पूछताछ की गई और बाद में उसे गिरफ्तार किया गया।
इस कार्रवाई के बाद भास्कर मुदलियार को पार्टी ने 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है।
बता दें कि शुरुआत में इसे स्क्रैप चोरी का मामला माना गया था, लेकिन पुलिस जांच आगे बढ़ी तो पता चला कि यह एक संगठित गिरोह का काम था। जांच में प्लांट के कुछ अधिकारी, ठेकेदार, ट्रांसपोर्टर, कारोबारी और अब एक भाजपा नेता का नाम भी सामने आया है। अब तक इस मामले में 17 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच अभी भी जारी है।