राजधानी

बारिश से जर्जर-पुल दो हिस्सों में ढहा, चलती बस फंसी

रायपुर

छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश के बाद कई जगह हालात बिगड़े हुए हैं। रविवार दोपहर बिलासपुर-रतनपुर-पेंड्रा मार्ग पर बांसाझाल स्थित पुल अचानक दो हिस्सों में टूटकर ढह गया। इस दौरान पुल से गुजर रही एक यात्री बस टूटे हुए हिस्से के बीच फंस गई।

बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि पुल पहले से जर्जर था, लगातार बारिश के बाद ये घटना हुई। पुल टूटने से बिलासपुर का पेंड्रा, गौरेला, अमरकंटक के साथ-साथ मध्य प्रदेश के जबलपुर, शहडोल और छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ से सीधा संपर्क टूट गया है।

पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार अब तक प्रदेश में मानसून सामान्य बना हुआ है और औसत से केवल 3 प्रतिशत कम (-03%) बारिश रिकॉर्ड की गई है।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार अगस्त-सितंबर 2026 में देशभर में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है। हालांकि, मध्य भारत के कुछ हिस्सों में सामान्य या सामान्य से अधिक बारिश के संकेत हैं, जिससे छत्तीसगढ़ में भी अच्छी बारिश की उम्मीद बनी हुई है। इस बीच लगातार बारिश से नारायणपुर में बाढ़ से BSF के कई कैंप पानी में डूब गए। जवानों को जान बचाने के लिए पेड़ों और कैंप की छतों पर चढ़ना पड़ा। बाद में सभी को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया।

Leave Your Comment

Click to reload image