जिला

तीन दिवसीय कर्मकार व्यक्तित्व विकास प्रशिक्षण शिविर का सफल समापन व्यवहार, संवाद कौशल और कार्यकुशलता निखारने पर रहा जोर, 30 जुलाई से शुरू होगा दूसरा बैच

विजय मिश्रा ब्यूरो चीफ बिहान छत्तीसगढ़,दुर्ग भिलाई 

भिलाई। चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज़, भिलाई द्वारा आयोजित तीन दिवसीय “कर्मकार व्यक्तित्व विकास प्रशिक्षण शिविर” का सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रदेश महामंत्री अजय भसीन के नेतृत्व में आयोजित इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मकारों के व्यक्तित्व, व्यवहार और कार्यकुशलता का सर्वांगीण विकास करना रहा।

तीन दिनों तक चले प्रशिक्षण शिविर में प्रतिभागियों को स्वभाव दोषों की पहचान एवं सुधार, प्रभावी संवाद कौशल, सकारात्मक सोच, समय प्रबंधन, अनुशासन, टीम भावना, ग्राहकों के साथ बेहतर व्यवहार, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता तथा कार्यस्थल पर उत्कृष्ट प्रदर्शन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

कर्मकारों ने लिया सकारात्मक बदलाव का संकल्प

प्रशिक्षण के दौरान कर्मकारों ने अपने कार्यक्षेत्र से जुड़े अनुभव साझा किए और अपने व्यवहार एवं कार्यशैली में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संकल्प लिया। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को व्यक्तिगत जीवन के साथ-साथ कार्यक्षेत्र के लिए भी उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उन्हें अपनी कमियों को समझने और कार्यशैली को बेहतर बनाने का अवसर मिला।

शिविर में प्रशिक्षक के रूप में कमल बिस्वाल, गौरव मोंगिया, विकास जायसवाल, टीना सातपुते एवं शंकर सचदेव ने प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया। प्रशिक्षकों ने व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से व्यक्तित्व विकास के विभिन्न पहलुओं को सरल एवं प्रेरक ढंग से समझाया।

कर्मकारों की कार्यशैली पर निर्भर करती है संस्थान की सफलता : अजय भसीन

समापन अवसर पर प्रदेश महामंत्री अजय भसीन ने कहा कि किसी भी संस्थान की सफलता उसके कर्मकारों के व्यक्तित्व, संस्कार और कार्यशैली पर निर्भर करती है। इस तरह के प्रशिक्षण कर्मकारों में आत्मविश्वास एवं अनुशासन बढ़ाने के साथ बेहतर कार्य संस्कृति विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

भिलाई चेम्बर अध्यक्ष गार्गी शंकर मिश्रा ने कहा कि कर्मकारों का आचार-व्यवहार किसी भी प्रतिष्ठान के बेहतर भविष्य का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण की उपयोगिता को देखते हुए इसका दूसरा बैच 30 जुलाई से 1 अगस्त तक आयोजित किया जाएगा। भविष्य में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।

प्रतिभागियों को प्रदान किए गए प्रमाण-पत्र

समापन समारोह में प्रशिक्षण पूरा करने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। तीनों दिन प्रशिक्षण देने वाले प्रशिक्षकों का भी सम्मान किया गया तथा प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में उद्योग चेम्बर अध्यक्ष जे.पी. गुप्ता, सरोजनी पाणिग्रही, माधुरी पाराशर, निरंकार सिंह एवं मनोहर कृष्णानी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन सुनील मिश्रा ने किया।

प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से जानकारी शंकर सचदेव ने दी।

Leave Your Comment

Click to reload image