ग्राम गोधना में 56 सदस्यीय महिला कमांडो टीम का गठन, अपराधमुक्त गांव बनाने का लिया संकल्प
जांजगीर-चांपा, 25 जुलाई
जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोधना में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के मार्गदर्शन में "सजग नागरिक, सख्त प्रहरी" अभियान के तहत 56 सदस्यीय महिला कमांडो टीम का गठन किया गया। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को कानून व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा में सक्रिय भागीदार बनाकर गांवों को अपराध एवं नशामुक्त बनाना है।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक स्वयं ग्राम गोधना पहुंचे और ग्रामीणों के साथ संवाद कर कानून व्यवस्था बनाए रखने में जनसहभागिता की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण केवल पुलिस के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से ही सुरक्षित और जागरूक समाज का निर्माण किया जा सकता है।
इस अवसर पर नवगठित महिला कमांडो टीम को टोपी एवं सीटी वितरित की गई तथा गांव में जागरूकता रैली निकालकर लोगों को कानून के प्रति सजग रहने और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ एकजुट होने का संदेश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने महिलाओं से अपील की कि यदि क्षेत्र में जुआ, सट्टा, अवैध शराब, नशे का कारोबार या अन्य किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने गांव को अपराधमुक्त, नशामुक्त एवं सुरक्षित बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
इस जागरूकता कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा थाना प्रभारी नवागढ़ निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।