जिला

आराधना कॉन्वेंट स्कूल में सर्वाइकल कैंसर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, छात्राओं को दी गई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य जानकारी

पखांजूर, कांकेर


राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं अपराध नियंत्रण ब्यूरो (NHRCCB) छत्तीसगढ़ इकाई द्वारा आराधना कॉन्वेंट स्कूल, पखांजूर में छात्राओं के स्वास्थ्य एवं जागरूकता को ध्यान में रखते हुए सर्वाइकल कैंसर से बचाव एवं टीकाकरण विषय पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को इस गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करना तथा समय रहते बचाव एवं टीकाकरण के महत्व की जानकारी देना था।

कार्यक्रम का आयोजन NHRCCB के कांकेर जिलाध्यक्ष एवं कार्यकारी प्रदेश कोऑर्डिनेटर प्रद्युम्न कुमार शुक्ल के प्रयासों से किया गया। उन्होंने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) की सिस्टर्स को विद्यालय में आमंत्रित किया, जिन्होंने लगभग 15 वर्ष आयु वर्ग की छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर के कारण, लक्षण, बचाव के उपाय, नियमित स्वास्थ्य जांच, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा एचपीवी (HPV) टीकाकरण के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने छात्राओं को बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाली गंभीर बीमारियों में से एक है, लेकिन समय पर जागरूकता, उचित स्वास्थ्य देखभाल और टीकाकरण के माध्यम से इससे काफी हद तक बचाव संभव है। उन्होंने छात्राओं से स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या को छिपाने के बजाय अपने अभिभावकों एवं चिकित्सकों से खुलकर चर्चा करने की भी अपील की।

विद्यालय की प्राचार्य सिस्टर मारिया ने इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि छात्राओं के स्वास्थ्य एवं भविष्य की सुरक्षा के लिए इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं अपराध नियंत्रण ब्यूरो (NHRCCB) तथा प्रद्युम्न कुमार शुक्ल का आभार व्यक्त करते हुए संस्था को बधाई दी और भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करने की अपेक्षा व्यक्त की।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों से विभिन्न प्रश्न पूछे और सर्वाइकल कैंसर से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण तथ्यों की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम ने छात्राओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा भविष्य में गंभीर बीमारियों से बचाव के प्रति सकारात्मक संदेश देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं अपराध नियंत्रण ब्यूरो ने बताया कि संस्था भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, मानवाधिकार जागरूकता तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित करती रहेगी, ताकि समाज में स्वास्थ्य एवं अधिकारों के प्रति व्यापक जागरूकता स्थापित की जा सके।

Leave Your Comment

Click to reload image