जिला

वार्ड क्रमांक 19 में आंगनबाड़ी भवन एवं आरसीसी नाली निर्माण कार्य का भूमि पूजन

जांजगीर-चांपा। नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला के वार्ड क्रमांक 19 में विकास कार्यों को नई गति देते हुए 12 लाख 24 हजार रुपये की लागत से बनने वाले नवीन आंगनबाड़ी भवन एवं आरसीसी नाली निर्माण कार्य का भूमि पूजन जांजगीर-चांपा विधानसभा क्षेत्र के विधायक ब्यास कश्यप के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।
भूमि पूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ब्यास कश्यप ने कहा कि वार्ड क्रमांक 19 स्थित सिंचाई कॉलोनी के पीछे आर्य कॉलोनी के पास बनने वाला नवीन आंगनबाड़ी भवन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने बताया कि भवन में विशाल हॉल, स्टोर रूम, शौचालय तथा बच्चों के लिए छोटा गार्डन विकसित किया जाएगा, जिससे बच्चों को बेहतर वातावरण में शिक्षा, पोषण एवं खेलकूद की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही आरसीसी नाली निर्माण से वार्ड में जल निकासी की समस्या का समाधान होगा और नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं मिलेंगी।
इस अवसर पर वार्ड पार्षद देवराज सिंह चंदेल ने कहा कि वार्डवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी होने जा रही है। उन्होंने विधायक ब्यास कश्यप के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन विकास कार्यों से क्षेत्र के लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और वार्ड का समग्र विकास सुनिश्चित होगा।
कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता गुलजार सिंह, रेवती रमन तिवारी, नंदकुमार पाण्डेय, अखिल मिश्रा, राजेंद्र तिवारी, नेता प्रतिपक्ष प्रिंस शर्मा, पटवारी संघ के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र यादव, नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि देवा गढ़ेवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं वार्डवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विकास कार्यों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निर्माण का संकल्प लिया गया, जिससे वार्ड क्रमांक 19 के नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

Leave Your Comment

Click to reload image