शीर्षक: सारंगढ़: भारत माता चौक ऑटो स्टैंड की समस्याओं को लेकर विकास कोसले ने कलेक्टर को सौंपा एसडीएम के नाम ज्ञापन
सारंगढ़, 23 जून 2026: सारंगढ़ नगर की एक अत्यंत संवेदनशील और जनहित से जुड़ी गंभीर समस्या को लेकर आज विकास कोसले के नेतृत्व में माननीय कलेक्टर महोदय को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) (एसडीएम) के नाम ज्ञापन सौंपा गया। इस ज्ञापन के माध्यम से सारंगढ़-रायगढ़ मुख्य मार्ग पर स्थित भारत माता चौक ऑटो स्टैंड के पीछे की बदहाल व्यवस्था और जानलेवा विद्युत संकट की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया है।
सड़क किनारे डंप कचरे से महामारी का खतरा:
ज्ञापन में विकास कोसले ने बताया कि भारत माता चौक ऑटो स्टैंड के ठीक पीछे की मुख्य नाली पिछले कई महीनों से पूरी तरह ब्लॉक पड़ी है। हाल ही में संबंधित विभाग द्वारा नाममात्र की सफाई तो की गई, लेकिन विडंबना यह है कि नाली से निकाला गया सारा सड़ चुका कचरा सड़क किनारे ही लाकर छोड़ दिया गया है। धूप और हवा के कारण यह कचरा अब और अधिक सड़ रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में तीव्र और असहनीय बदबू फैल चुकी है। इसके कारण स्थानीय व्यापारियों का व्यापार करना, ऑटो चालक साथियों का वहां बैठना और आम राहगीरों का गुजरना पूरी तरह दूभर हो गया है और क्षेत्र में कभी भी कोई भयानक संक्रामक महामारी फैल सकती है।
गीली नाली के पास लटकते हाई-वोल्टेज तार दे रहे हैं दुर्घटना को आमंत्रण:
मामले में सबसे ज्यादा चिंताजनक और जानलेवा स्थिति यह है कि इसी जाम, गंदगी और जलभराव वाली नाली से सटकर बिजली का एक बड़ा ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। इस ट्रांसफार्मर के हाई-वोल्टेज नंगे तार नीचे की ओर खतरनाक ढंग से लटक रहे हैं। आसपास फैली गीली गंदगी और पानी के कारण वहां कभी भी करंट फैल सकता है या बड़ा शॉर्ट-सर्किट हो सकता है। व्यस्ततम ऑटो स्टैंड होने के कारण यहाँ हर वक्त सैकड़ों लोगों की मौजूदगी रहती है, जिससे किसी भी वक्त बड़ी अप्रिय जनहानि हो सकती है।
संयुक्त रूप से युद्धस्तर पर कार्य करने की मांग:
विकास कोसले और क्षेत्रवासियों ने स्थानीय प्रशासन व संबंधित विभागों की इस घोर लापरवाही पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने सौंपे गए ज्ञापन में विनम्र आग्रह किया है कि जनहित, जन-स्वास्थ्य और किसी आसन्न बड़ी दुर्घटना को टालने के लिए नगर पालिका प्रशासन एवं विद्युत विभाग को तत्काल संयुक्त रूप से निर्देशित किया जाए। मांग की गई है कि युद्धस्तर पर नाली की पूरी सफाई कराई जाए, बाहर पड़े कचरे को वहां से तुरंत हटवाया जाए एवं ट्रांसफार्मर के तारों को व्यवस्थित कराने की कृपा करें, ताकि आम जनता को इस नरक और खतरे से मुक्ति मिल सके।
ज्ञापन सौंपने के दौरान रहे उपस्थित:
इस दौरान मुख्य रूप से विकास कोसले (अध्यक्ष, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अ. क्षेत्र समस्या निवारण प्रकोष्ठ सारंगढ़), विक्रम जोल्हे जी(संयुक्त महामंत्री), (ब्लॉक सचिव किशन भारद्वाज जी) सहित ऑटो चालक साथी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से प्रेमचन्द कुर्रे, पीताम्बर भारद्वाज, नारद पंकज, लोकेश, नरेश जाटवर और लकी बंजारे शामिल हैं।