छत्तीसगढ़ में अवैध माइनिंग माफिया पर बड़ा एक्शन,
सरगुजा
खनिज विभाग और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने सरगुजा संभाग में अवैध खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। 22 जून 2026 को चलाए गए इस कड़े अभियान के तहत मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB), सूरजपुर और सरगुजा जिलों से कुल 7 अवैध वाहनों को जप्त कर थानों में सुरक्षित किया गया है।
यह कार्रवाई स्पष्ट करती है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव सरकार राज्य की खनिज संपदा की लूट और अवैध परिवहन को लेकर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही है। ग्रामीण इलाकों में धड़ल्ले से चल रहे रेत और चूना पत्थर के अवैध कारोबार पर इस कार्रवाई से लगाम लगेगी, जिससे सीधे तौर पर राज्य सरकार के राजस्व को होने वाले नुकसान को रोका जा सकेगा।
इस कार्रवाई के दौरान सरगुजा के अंबिकापुर (गांधी चौक) में माइनिंग टीम के साथ वाहन मालिक, चालक और उनके साथियों द्वारा गाली-गलौच, अभद्र व्यवहार और शासकीय कार्य में बाधा डालने की गंभीर घटना सामने आई। सरकार ने इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए आरोपियों के खिलाफ थाना गांधीनगर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज करा दी है।
खनिज विभाग और शासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि कानून का उल्लंघन करने वाले या अवैध माइनिंग को संरक्षण देने वाले किसी भी रसूखदार को बख्शा नहीं जाएगा। राजस्व और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के लिए पूरे छत्तीसगढ़ में यह संयुक्त निरीक्षण और निगरानी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, जिससे माइनिंग माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।