युवा पार्षद रोशन सोनी की मांग पर शुरू हुआ आगर नदी सफाई अभियान, तीन दिनों से जारी है कार्य
ईमरान खोखर बिहान ब्यूरो
मुंगेली। वार्ड क्रमांक 19 के युवा पार्षद रोशन सोनी द्वारा जनहित में उठाई गई मांग अब धरातल पर दिखाई देने लगी है। विगत माह पार्षद रोशन सोनी ने आगर नदी की सफाई को लेकर कलेक्टर से मांग की थी, जिस पर अमल करते हुए नगर पालिका की संयुक्त टीम द्वारा पिछले तीन दिनों से लगातार नदी की सफाई का कार्य किया जा रहा है।
आगर नदी में कई स्थानों पर गाद और मिट्टी जमा होने से टापूनुमा संरचनाएं बन गई थीं, जिन्होंने पहाड़ का रूप ले लिया था। इससे भविष्य में जल प्रवाह बाधित होने और बरसात के समय गंभीर स्थिति उत्पन्न होने की आशंका बढ़ गई थी। पार्षद रोशन सोनी की पहल के बाद नगर पालिका की संयुक्त टीम जेसीबी एवं अन्य वाहनों की सहायता से इन बड़े-बड़े मिट्टी के ढेरों और टापुओं को हटाने का कार्य कर रही है।
सफाई अभियान का उद्देश्य नदी के प्राकृतिक जल प्रवाह को बनाए रखना और भविष्य में किसी भी प्रकार की जलभराव या बाढ़ जैसी स्थिति से बचाव करना है। क्षेत्रवासियों ने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए प्रशासन और युवा पार्षद रोशन सोनी के प्रयासों की सराहना की है।
पार्षद रोशन सोनी ने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाना उनका कर्तव्य है और क्षेत्र के विकास एवं नागरिक सुविधाओं के लिए वे लगातार प्रयासरत रहेंगे।