जिला

21 जून को आयोजित होगी नीट परीक्षा, जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कीं

प्रद्युम्न शुक्ल, ब्यूरो चीफ कांकेर बिहान छत्तीसगढ़ 

उत्तर बस्तर कांकेर, 18 जून 2026। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG 2026) के सुचारू एवं पारदर्शी संचालन को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मण्डावी ने अधिकारियों की बैठक लेकर परीक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक में परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा, तकनीकी संसाधनों एवं आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता पर चर्चा की गई। जिले में परीक्षा के लिए तीन केन्द्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें भानुप्रतापदेव शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नरहरदेव पीएमश्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तथा शहीद रामकुमार यादव शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शामिल हैं।

प्रभारी कलेक्टर ने बताया कि परीक्षा 21 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक एक ही पाली में आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों को समय से पूर्व केन्द्रों में प्रवेश सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, क्योंकि दोपहर 1:30 बजे के बाद प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे। परीक्षा संचालन के लिए डिप्टी कलेक्टर श्रीमती आस्था बोरकर को नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जिले के सभी परीक्षा केन्द्रों में सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था की गई है तथा संचार माध्यमों पर नियंत्रण के लिए जैमर स्थापित किए जा रहे हैं। साथ ही बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में जनरेटर सहित अन्य वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं। विद्युत विभाग को प्रत्येक केन्द्र में तकनीकी सहायता दल तैनात करने के लिए कहा गया है।

नोडल अधिकारी श्रीमती बोरकर ने जानकारी दी कि परीक्षा से पूर्व 20 जून को सभी केन्द्रों में मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी, जिससे परीक्षा दिवस पर किसी प्रकार की तकनीकी या व्यवस्थागत समस्या उत्पन्न न हो। जिले के तीनों केन्द्रों में कुल 1,587 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें पीजी कॉलेज केन्द्र में 720, नरहरदेव विद्यालय में 459 तथा कन्या विद्यालय केन्द्र में 408 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।

बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों सहित एनटीए के प्रतिनिधि, केन्द्राध्यक्ष एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे। प्रभारी कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Leave Your Comment

Click to reload image