जिला

शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल फास्टरपुर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया शाला प्रवेशोत्सव

संविधान, संस्कार और पर्यावरण संरक्षण के मूल्यों को अपनाने का आह्वान, विद्यार्थियों को वितरित की गई साइकिल एवं गणवेश

इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली 
सेतगंगा/मुंगेली। नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 के शुभारंभ अवसर पर शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल फास्टरपुर में मंगलवार को शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम उत्साह, उमंग और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों एवं शिक्षकों की बड़ी उपस्थिति रही। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से नए विद्यार्थियों का स्वागत किया गया तथा शिक्षा के महत्व, संविधानिक मूल्यों और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभाकर पाण्डेय, जिला पंचायत सदस्य रजनी मानिक सोनवानी, नरेंद्र जायसवाल, गणेश गुप्ता, कुलेश्वर बारमते, अखिल टोंडर एवं कमल लोचन टोंडर सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना के साथ किया गया।

अपने प्रेरणादायी संबोधन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने विद्यार्थियों को संविधान, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारियों के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम तथा स्वामी विवेकानंद के जीवन और विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन महान विभूतियों के आदर्श आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान समानता, न्याय और भाईचारे का संदेश देता है तथा एक सशक्त और विकसित राष्ट्र के निर्माण का आधार है।

एसएसपी ने अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की। उन्होंने शिक्षकों से विशेष रूप से छात्राओं के लिए सकारात्मक, सुरक्षित और मित्रवत वातावरण सुनिश्चित करने का आग्रह किया ताकि वे आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा का विकास कर सकें और अपने सपनों को साकार कर सकें। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विद्यार्थियों और ग्रामीणों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा प्रकृति संरक्षण के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभाकर पाण्डेय ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही सफलता का सबसे मजबूत आधार है। उन्होंने बताया कि विद्यालय का पिछले वर्ष का परीक्षा परिणाम 90 प्रतिशत से अधिक रहा है, जो शिक्षकों की मेहनत, विद्यार्थियों की लगन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए विद्यालय परिवार को बधाई देते हुए विद्यार्थियों से स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने का आह्वान किया।

जिला पंचायत सदस्य रजनी मानिक सोनवानी ने विद्यार्थियों को अनुशासन, सकारात्मक सोच और कठिन परिश्रम के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही भविष्य में समाज और देश के जिम्मेदार नागरिक बनेंगे, इसलिए शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों का विकास भी आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान शासन की महत्वाकांक्षी सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत छात्राओं को निःशुल्क साइकिल वितरित की गई। इसके साथ ही विद्यार्थियों को निःशुल्क गणवेश भी प्रदान किए गए। साइकिल मिलने से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों को विद्यालय पहुंचने में सुविधा होगी तथा उनकी शिक्षा की निरंतरता बनी रहेगी। गणवेश वितरण से विद्यार्थियों में विशेष उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिला।

अतिथियों ने विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने, अनुशासन का पालन करने तथा अपने जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।

इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी एल.पी. डाहिरे, विद्यालय की प्राचार्य पूर्णिमा मिश्रा, डॉ. रामबाबू मिश्र, प्रहलाद घिर्रे, कमलेश भास्कर सहित विद्यालय के समस्त व्याख्याता, शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

नवीन शैक्षणिक सत्र के प्रथम चरण में आयोजित इस शाला प्रवेशोत्सव ने विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया। कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षा, संस्कार, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारियों का संदेश देकर विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया गया।

Leave Your Comment

Click to reload image