रक्तदान से आगे बढ़कर स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में सेवक जन फाउंडेशन की नई पहल, “रक्त मीतान” और “एनीमिया मुक्त बचपन” योजना का ऐलान
192 यूनिट रक्तदान के साथ मनाया गया विश्व रक्तदाता दिवस, 200 से अधिक सामाजिक संस्थाओं और समाजसेवियों का सम्मान
विजय मिश्रा, ब्यूरो चीफ दुर्ग-भिलाई
भिलाई। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर सेवक जन फाउंडेशन द्वारा कला मंदिर, भिलाई में आयोजित भव्य समारोह सामाजिक सरोकार, स्वास्थ्य जागरूकता और मानव सेवा का अनुपम संगम बन गया। इस अवसर पर रक्तदान, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण, दृष्टिबाधित सेवा, सनातन संस्कृति एवं जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 200 से अधिक सामाजिक संस्थाओं एवं समाजसेवियों का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष राकेश पाण्डेय, बीएसएफ आईजी संजय पंत, बीएसपी ऑफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष एन.के. बंछोर, पूर्व महासचिव परविंदर सिंह, भाजपा नेता अमित साहू (रायपुर), युवा नेता एवं प्रेजिडेंट यूथ विंग श्री राम जन्मोत्सव समिति मनीष पाण्डेय, सर्व समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह, पूर्व सीएसपी वीरेंद्र सतपथी सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
192 यूनिट रक्तदान, स्वास्थ्य जांच भी हुई
कार्यक्रम के दौरान आयोजित रक्तदान शिविर में 192 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। साथ ही स्वास्थ्य जागरूकता अभियान के तहत 70 से अधिक लोगों की ब्लड शुगर जांच की गई। स्वास्थ्य परीक्षण की संपूर्ण व्यवस्था आरोग्यम अस्पताल की विशेषज्ञ टीम द्वारा की गई, जिसने पूरे कार्यक्रम के दौरान अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
“रक्त मीतान” योजना बनेगी जीवन रक्षक नेटवर्क
कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण आकर्षण सेवक जन फाउंडेशन द्वारा घोषित “रक्त मीतान योजना” रही। इस योजना के अंतर्गत जिलेवार रक्तदाताओं एवं स्वयंसेवकों का एक सुव्यवस्थित डाटाबेस तैयार किया जाएगा, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।
संस्था का उद्देश्य रक्तदान को केवल एक अभियान तक सीमित न रखकर उसे जनसहयोग आधारित मजबूत सामाजिक नेटवर्क के रूप में विकसित करना है, ताकि किसी भी व्यक्ति को रक्त के अभाव में जीवन संकट का सामना न करना पड़े।
“एनीमिया मुक्त बचपन” अभियान से होगी बच्चों की स्वास्थ्य जांच
सेवक जन फाउंडेशन ने “एनीमिया मुक्त बचपन योजना” की भी घोषणा की। इस अभियान की शुरुआत सरकारी विद्यालयों से की जाएगी, जहां बच्चों के रक्त की जांच कर उनके हीमोग्लोबिन स्तर का परीक्षण किया जाएगा।
जिन बच्चों में रक्त की कमी अथवा अन्य रक्त संबंधी विकार पाए जाएंगे, उनकी विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विस्तृत जांच कराई जाएगी। आवश्यकता अनुसार उन्हें पोषण संबंधी परामर्श, सप्लीमेंट एवं नियमित स्वास्थ्य मॉनिटरिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
इस महत्वाकांक्षी अभियान में स्टारलाइट फाउंडेशन एवं शौर्य युवा संगठन प्रमुख सहयोगी संस्थाओं के रूप में सहभागिता करेंगे।
अतिथियों ने की पहल की सराहना
मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल ने कहा कि सेवक जन फाउंडेशन स्वास्थ्य, शिक्षा, सनातन और रक्तदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने संस्था के अध्यक्ष विकास जायसवाल एवं उनकी टीम के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि “रक्त मीतान” और “एनीमिया मुक्त बचपन” जैसी योजनाएं भविष्य में हजारों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला सकती हैं।
छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड अध्यक्ष राकेश पाण्डेय ने कहा कि समाज की वास्तविक सेवा वही है जो जरूरतमंदों तक पहुंचे और यह पहल उसी दिशा में एक सार्थक प्रयास है।
बीएसएफ आईजी संजय पंत ने रक्तदान को मानवता की सर्वोच्च सेवा बताते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद को नया जीवन प्रदान कर सकता है।
बीएसपी ऑफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष एन.के. बंछोर ने कहा कि भिलाई की पहचान केवल उद्योग नगरी के रूप में नहीं बल्कि सामाजिक सेवा और जनसहयोग की संस्कृति के लिए भी है।
पूर्व महासचिव परविंदर सिंह ने कहा कि रक्तदान के साथ अब रक्त संबंधी जागरूकता और बच्चों के स्वास्थ्य पर कार्य करना समय की आवश्यकता बन गया है।
भाजपा नेता अमित साहू ने युवाओं की भागीदारी को सामाजिक परिवर्तन का आधार बताते हुए कहा कि ऐसी पहलें युवाओं को समाजसेवा के लिए प्रेरित करती हैं।
मनीष पाण्डेय ने कहा कि एक ही मंच पर विभिन्न सामाजिक संस्थाओं को सम्मानित करना भिलाई की सेवा संस्कृति का प्रतीक है। वहीं इंद्रजीत सिंह ने रक्तदान के प्रति बढ़ती जागरूकता को समाज के लिए शुभ संकेत बताया।
सम्मानित हुए समाजसेवी और संगठन
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सामाजिक संगठनों, रक्तदाताओं और समाजसेवियों को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अशोक गुप्ता, मोहन राव, ज्ञानचंद जैन, कन्हैया सोनी, सौरभ जायसवाल, गोल्डी सोनी, तुलसी साहू, सुमन कनौजिया, सविता, आदित्य भारद्वाज, आरिफ, आदित्य शर्मा, यश सिंह, चेतन, स्वस्तिका, चमन, माधुरी, जया, मुनेश, आरती सहित बड़ी संख्या में समाजसेवी, स्वयंसेवक एवं नागरिक उपस्थित रहे।
समाज के स्वस्थ भविष्य की ओर महत्वपूर्ण कदम
कार्यक्रम के समापन पर सेवक जन फाउंडेशन के अध्यक्ष विकास जायसवाल ने कहा कि रक्तदान केवल एक दिवस का आयोजन नहीं, बल्कि मानव सेवा का आजीवन संकल्प है। “रक्त मीतान” और “एनीमिया मुक्त बचपन” जैसी योजनाओं के माध्यम से संस्था समाज के स्वास्थ्य सुरक्षा तंत्र को मजबूत बनाने तथा बच्चों के उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य के निर्माण की दिशा में सतत कार्य करती रहेगी।
विश्व रक्तदाता दिवस पर आयोजित यह आयोजन केवल रक्तदान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि समाज के स्वास्थ्य, संवेदनशीलता और मानवीय सहयोग की एक नई दिशा का उद्घोष बनकर उभरा।