उप स्वास्थ्य केंद्र संगली में लापरवाही का आरोप, ग्रामीण इलाज के लिए भटकने को मजबूर
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी
अंबागढ़ चौकी क्षेत्र के ग्राम संगली स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र में पद स्थ कर्मचारियों की कार्यप्रणाली को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि स्वास्थ्य केंद्र अधिकांश समय बंद रहता है, जिसके कारण लोगों को इलाज के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि उप स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ सीएचओ रुचि कंवर सहित अन्य कर्मचारी नियमित रूप से मुख्यालय में उपस्थित नहीं रहते। ग्रामीणों के अनुसार अस्पताल कभी-कभार ही खुलता है और यहां आवश्यक शासकीय दवाइयां भी उपलब्ध नहीं रहतीं। इससे मरीजों, खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मामले को लेकर स्थानीय भाजपा नेता एवं जिला सभापति नेहरू रंजक ने भी उप स्वास्थ्य केंद्र बंद रहने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी से क्षेत्र के ग्रामीण प्रभावित हो रहे हैं और विभाग को इस ओर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।
जब इस संबंध में सीएचओ रुचि कंवर से संपर्क किया गया तो उन्होंने मामले की जानकारी बीएमओ से लेने की बात कही, लेकिन बीएमओ का संपर्क नंबर उपलब्ध नहीं कराया। इसके बाद संवाददाता द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अंबागढ़ चौकी पहुंचकर बीएमओ डॉ. आर.आर. ध्रुव से जानकारी ली गई।
बीएमओ डॉ. ध्रुव ने बताया कि वैक्सीनेशन डे के दिन भी कर्मचारी मुख्यालय में उपस्थित नहीं पाए गए, जो गंभीर लापरवाही है। उन्होंने कहा कि संगली उप स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ तीन कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अब देखने वाली बात यह होगी कि स्वास्थ्य विभाग इस मामले में क्या ठोस कार्रवाई करता है और ग्रामीणों को नियमित स्वास्थ्य सुविधा कब तक उपलब्ध हो पाती है।