जिला

नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार का आरोप, आम आदमी पार्टी ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

प्रद्युम्न शुक्ल ब्यूरो चीफ कांकेर बिहान छत्तीसगढ़ 

पखांजूर। आम आदमी पार्टी (आप) के पदाधिकारियों ने आज पखांजूर एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर नगर पंचायत पखांजूर अंतर्गत स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम परिसर में निर्मित बैठकखाना (शेड) के निर्माण कार्य में भारी अनियमितता एवं भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि स्टेडियम परिसर में निर्मित बैठकखाना का शेड उद्घाटन से पूर्व ही क्षतिग्रस्त होकर टूटने लगा, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े हो गए हैं। आम आदमी पार्टी ने इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी ठेकेदार, संबंधित इंजीनियर एवं अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

आम आदमी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष ऋषिकेश मजूमदार ने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार होने के बावजूद भ्रष्टाचार चरम सीमा पर पहुंच चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि कमीशनखोरी के कारण कुछ जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी ठेकेदारों को संरक्षण प्रदान कर रहे हैं, जिससे निर्माण कार्यों में गुणवत्ता की अनदेखी की जा रही है।

उन्होंने कहा कि जनता के पैसे से होने वाले विकास कार्यों में भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आम आदमी पार्टी इस मुद्दे को लेकर जनहित में लगातार संघर्ष करेगी और दोषियों को सजा दिलाने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगी।

वहीं, पार्टी के ब्लॉक अध्यक्ष संजय मंडल, सेक्टर अध्यक्ष गौरव राय तथा रामसाय पोटाई ने भी प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आगामी 15 दिनों के भीतर मामले की जांच कर दोषी ठेकेदार एवं संबंधित अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई नहीं की जाती है, तो आम आदमी पार्टी एसडीएम कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन करेगी।

पार्टी नेताओं ने कहा कि प्रस्तावित आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी शासन एवं प्रशासन की होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता के धन के दुरुपयोग और निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार के खिलाफ आम आदमी पार्टी का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।

ज्ञापन सौंपने के दौरान आम आदमी पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image