गलत उपचार के आरोप में डेढ़ माह की मासूम की मौत, परिजनों का फूटा गुस्सा — श्री रामचंद्र अस्पताल सील
प्रद्युम्न शुक्ल ब्यूरो चीफ कांकेर बिहान छत्तीसगढ़
कापसी/कोयलीबेड़ा, 27 मई। कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा विकासखंड अंतर्गत कापसी स्थित निजी श्री रामचंद्र अस्पताल में बुधवार सुबह डेढ़ माह की एक मासूम बच्ची की उपचार के दौरान मौत हो जाने से भारी हंगामा खड़ा हो गया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गलत उपचार और लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में जमकर विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगों ने अस्पताल में तोड़फोड़ भी की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार बच्ची की तबीयत खराब होने पर परिजन उसे उपचार के लिए कापसी स्थित निजी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि अस्पताल द्वारा सही उपचार नहीं दिए जाने तथा लापरवाही बरतने के कारण बच्ची की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
स्थिति तनावपूर्ण होते देख स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने किसी तरह लोगों को शांत कराया और स्थिति को नियंत्रित किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने अस्पताल की जांच प्रारंभ कर दी है।
प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए अस्पताल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
घटना के बाद क्षेत्र में निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी कई सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।