जिला

बहन से बातचीत को लेकर युवक पर चाकू से हमला, आरोपी गिरफ्तार सरगांव पुलिस की त्वरित कार्रवाई, चाकू व मोटरसाइकिल जब्त कर आरोपी को भेजा जेल

इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली 
मुंगेली। जिले के सरगांव थाना क्षेत्र में आपसी विवाद के चलते एक युवक पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ने थाना सरगांव पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी चचेरी बहन की बातचीत ग्राम कापा निवासी आदित्य बंजारे से होती थी। इस बात की जानकारी परिवार वालों को लगने पर प्रार्थी एवं उसके परिजनों ने आरोपी आदित्य और उसके पिता को समझाइश दी थी, जिसके बाद बातचीत बंद करने का आश्वासन भी दिया गया था।

बताया गया कि 24 मई की सुबह करीब 9:30 बजे प्रार्थी अपने चचेरे भाई के साथ बैतलपुर स्थित एक साइकिल दुकान में मौजूद था। इसी दौरान आरोपी आदित्य बंजारे मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा और प्रार्थी को अपने पास बुलाया। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए चाकू निकालकर युवक पर हमला कर दिया। आरोपी ने युवक की बाईं पसली और सिर पर वार कर उसे घायल कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही सरगांव पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। मुखबिर सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी आदित्य बंजारे को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।

चाकू, चूड़ा और मोटरसाइकिल जब्त

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक धारदार चाकू, हाथ में पहनने वाला चूड़ा तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

गिरफ्तार आरोपी आदित्य बंजारे (19 वर्ष) निवासी ग्राम कापा, चौकी मारो, थाना नांदघाट जिला बेमेतरा को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों की रही सक्रिय भूमिका

पूरे मामले में थाना प्रभारी संतोष शर्मा, प्रधान आरक्षक भागबली जांगड़े, आरक्षक सूरज धुरी एवं विश्वनाथ राजपूत की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave Your Comment

Click to reload image