मेधावी विद्यार्थियों के सपनों को मिल रही उड़ान, “हमर लक्ष्य” योजना से 51 छात्रों को आर्थिक सहायता कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ से मिलकर विद्यार्थियों ने जताया आभार
प्रद्युम्न शुक्ल ब्यूरो चीफ कांकेर बिहान छत्तीसगढ़
उत्तर बस्तर कांकेर, 25 मई 2026। जिला प्रशासन कांकेर द्वारा संचालित “हमर लक्ष्य” योजना आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर उभरी है। योजना के तहत जिले के 51 छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने हेतु आर्थिक सहायता राशि प्रदान की जा रही है, जिससे उनके सपनों को नई उड़ान मिल रही है।
कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी के मार्गदर्शन में संचालित इस पहल का लाभ लेकर विभिन्न संस्थानों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचा। विद्यार्थियों ने कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ से मुलाकात कर उच्च शिक्षा हेतु मिली आर्थिक सहायता के लिए आभार व्यक्त किया।
विद्यार्थियों ने कहा कि आर्थिक तंगी के कारण उच्च शिक्षा प्राप्त करना कई परिवारों के लिए बड़ी चुनौती होती है, लेकिन जिला प्रशासन की मदद ने उनके सपनों को नया संबल दिया है। उन्होंने बताया कि समय पर मिली सहायता राशि से उनकी पढ़ाई सुचारू रूप से जारी रह सकेगी और वे अपने लक्ष्य की ओर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ पाएंगे।
कलेक्ट्रेट पहुंचे विद्यार्थियों में एमबीबीएस, बीडीएस, आईआईआईटी, गुरु घासीदास विश्वविद्यालय तथा शंकराचार्य कॉलेज जुनवानी भिलाई के छात्र-छात्राएं शामिल थे। वहीं बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर रहे बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को भी योजना का लाभ मिल रहा है। इनमें जगदलपुर, रायपुर, बालोद और राजनांदगांव के विभिन्न नर्सिंग संस्थानों में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं शामिल हैं।
विद्यार्थियों ने कहा कि जिला प्रशासन का यह सहयोग उनके लिए अमूल्य है। इससे उन्हें न केवल अपने सपनों को पूरा करने की प्रेरणा मिल रही है, बल्कि समाज के लिए बेहतर योगदान देने का अवसर भी मिलेगा।
“हमर लक्ष्य” योजना ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के मेधावी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के माध्यम से बेहतर भविष्य गढ़ने का अवसर प्रदान कर रही है। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी रमेश निषाद एवं डीएमसी नवनीत पटेल भी उपस्थित रहे।