भानुप्रतापपुर में गूंजा सुरों का जादू, “सुर संग्राम सीजन-02” के ऑडिशन में प्रदेश सहित महाराष्ट्र से पहुंचे प्रतिभागी
प्रद्युम्न शुक्ल ब्यूरो चीफ कांकेर बिहान छत्तीसगढ़
भानुप्रतापपुर। संगीत प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से भानुप्रतापपुर कला मंच द्वारा आयोजित “सुर संग्राम सीजन-02” का ऑडिशन रविवार को उत्साह और उमंग के माहौल में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों सहित महाराष्ट्र के कई शहरों से आए प्रतिभागियों ने अपनी मधुर आवाज और बेहतरीन प्रस्तुतियों से सभी का दिल जीत लिया।
ऑडिशन में भानुप्रतापपुर, रायपुर, जगदलपुर, नागपुर, खैरागढ़, कोंडागांव, दल्ली राजहरा, बालोद, भिलाई, राजनांदगांव, मानपुर समेत अन्य क्षेत्रों से कुल 55 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। सुबह से ही कार्यक्रम स्थल पर प्रतिभागियों और संगीत प्रेमियों की भीड़ देखने को मिली। मंच पर एक से बढ़कर एक गीतों की प्रस्तुति ने माहौल को पूरी तरह संगीतमय बना दिया।
प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने बॉलीवुड, लोकगीत, सूफी एवं छत्तीसगढ़ी गीतों की शानदार प्रस्तुतियां देकर निर्णायकों को प्रभावित किया। कई प्रतिभागियों की आवाज और आत्मविश्वास ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। आयोजन समिति ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में छिपी संगीत प्रतिभाओं को आगे लाना और उन्हें बड़ा मंच उपलब्ध कराना है।
ऑडिशन के बाद चयनित प्रतिभागियों ने फाइनल राउंड में अपनी जगह बनाई। फाइनल में पहुंचने वाले प्रतिभागियों में दीपक सोना, विभावना, अतीक अहमद, सुचिता ठाकुर, विवेक निषाद, कमलेश सोनी, शिवानी सोनानी, रौनक मेश्राम, तनिष्का गजभिये, गंगा नागवंशी, निखिल, श्रीनिवास, दशरथ राव, ईशा कुलदीप, दीपिका चालकी एवं राजकुमार डोंगरे शामिल हैं।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला आज शाम रेस्ट हाउस के सामने स्थित मंगल भवन, भानुप्रतापपुर में आयोजित किया जाएगा। फाइनल राउंड में चयनित प्रतिभागी अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। कार्यक्रम को लेकर युवाओं, संगीत प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।
आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है। बताया जा रहा है कि फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक होने वाला है, जहां सुरों की जंग में प्रतिभागी अपनी प्रतिभा का श्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे।