ऑपरेशन “बाज” के तहत 9 जुआरी गिरफ्तार लोरमी के नवागांव वेंकट खार में पुलिस की दबिश, 3.39 लाख का सामान जब्त
इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली
मुंगेली। जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन बाज” अभियान के तहत मुंगेली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में साइबर सेल और थाना लोरमी पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम नवागांव वेंकट के खार क्षेत्र में दबिश देकर 9 जुआरियों को रंगे हाथ जुआ खेलते गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से 36 हजार 500 रुपए नगद, 52 पत्ती ताश, 7 मोबाइल फोन और 6 मोटरसाइकिल समेत कुल 3 लाख 39 हजार रुपए का सामान जब्त किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधात्मक धाराओं में भी मामला दर्ज किया है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने दी दबिश
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 23 मई 2026 को सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम नवागांव वेंकट के खार खेत में कुछ लोग रुपये-पैसों का हार-जीत का दांव लगाकर काटपत्ती नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में साइबर सेल और थाना लोरमी की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर कार्रवाई की।
मौके से 9 जुआरी गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से मनोज अहिरवार, लवसिंह राजपूत, हेमंत रात्रे, अजय टंडन, लक्ष्मीनारायण कश्यप, मुकेश जायसवाल, सूरज सतनामी, मनीष लोधी और बलराम निषाद को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जुआ फड़ से 36,500 रुपए नगद, 7 मोबाइल फोन जिसकी कीमत लगभग 62,500 रुपए आंकी गई है तथा 6 मोटरसाइकिल कीमत लगभग 2 लाख 40 हजार रुपए जब्त किए। इसके साथ ही ताश की गड्डियां भी बरामद की गईं।
प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। साथ ही बीएनएसएस की धारा 170 के तहत गिरफ्तार कर धारा 126 एवं 135(3) के अंतर्गत अधिकतम राशि से बाउंड ओवर की कार्रवाई के लिए न्यायालय में पेश किया गया।
लगातार जारी रहेगा अभियान
मुंगेली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ “ऑपरेशन बाज” अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस प्रशासन ने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों पर सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी लोरमी निरीक्षक अखिलेश वैष्णव, साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक सतेन्द्रपुरी गोस्वामी, उप निरीक्षक गणपति राव तथा साइबर सेल एवं थाना लोरमी स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही