जिला

छातामुड़ा बाईपास के कबाड़ गोदाम में भीषण आग, हीरो शोरूम के पास मची अफरा-तफरी..

रायगढ़// छातामुड़ा बाईपास स्थित नेशनल हाईवे किनारे शनिवार दोपहर एक कबाड़ गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। यह गोदाम हीरो शोरूम के पास स्थित बताया जा रहा है। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और दूर-दूर तक काले धुएं का गुबार दिखाई देने लगा। बताया जा रहा है कि धुएं का गुबार करीब 10 किलोमीटर दूर से भी नजर आ रहा था, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। 

प्रत्यक्षदर्शी चंद्रशेखर पटेल ने बताया कि आग तेजी से फैल रही थी, इसलिए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर नेशनल हाईवे के एक हिस्से को कुछ समय के लिए बंद कर दिया। इससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। आग की गंभीरता को देखते हुए रायगढ़ के साथ-साथ सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले से भी दमकल वाहन बुलाए गए। इसके साथ ही आग की लपटें पास स्थित हीरो शोरूम तक पहुंचने की आशंका बनी हुई थी। इसे देखते हुए शोरूम कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने तुरंत शोरूम खाली कराया। वहां खड़ी सैकड़ों बाइकों को सड़क किनारे और सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया। समय रहते बाइकों को हटाने से बड़ा नुकसान टल गया।

मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला गया

मौके से मिली जानकारी के अनुसार कबाड़ गोदाम में आग लगने के समय कई मजदूर मौजूद थे। राहत और बचाव कार्य के दौरान उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस वजह से बड़ी जनहानि होने से बचाव हो सका। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की।

फिलहाल आग लगने की वजह साफ नहीं हो सकी है। कबाड़ गोदाम में कितना नुकसान हुआ है, इसका भी आकलन अभी नहीं हो पाया है। देर शाम तक दमकल विभाग और प्रशासन की टीम मौके पर आग पर काबू पाने और स्थिति को सामान्य करने में जुटी रही। घटना ने एक बार फिर औद्योगिक और कबाड़ गोदाम क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave Your Comment

Click to reload image