जच्चा-बच्चा मौत मामले में जांच तेज, गौतम हॉस्पिटल पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम
प्रद्युम्न शुक्ल ब्यूरो चीफ कांकेर बिहान छत्तीसगढ़
भानुप्रतापपुर। जच्चा-बच्चा मौत मामले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा गठित जांच समिति ने अपनी जांच प्रक्रिया तेज कर दी है। शनिवार को जांच दल भानुप्रतापपुर स्थित गौतम हॉस्पिटल पहुंचा, जहां अस्पताल प्रबंधन, डॉक्टरों और स्टाफ से विस्तृत पूछताछ की गई। टीम ने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, उपचार प्रक्रिया और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, जांच अधिकारी डॉ. वंदना व्यास के नेतृत्व में पहुंची टीम ने मरीज के भर्ती होने से लेकर प्रसव और मृत्यु तक की परिस्थितियों से जुड़े दस्तावेजों की जांच की। अस्पताल प्रबंधन से उपचार संबंधी रिकॉर्ड, सोनोग्राफी रिपोर्ट, दवाइयों के उपयोग, ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों और स्टाफ की जानकारी मांगी गई है।
जांच टीम यह भी पता लगाने में जुटी है कि मरीज की स्थिति को देखते हुए अस्पताल में आवश्यक चिकित्सा संसाधन उपलब्ध थे या नहीं तथा इलाज के दौरान निर्धारित स्वास्थ्य प्रोटोकॉल का पालन किया गया था या नहीं।
उल्लेखनीय है कि ग्राम चाहचाँड निवासी द्रौपदी कोमरा और उसके नवजात बच्चे की मौत के बाद परिजनों ने गौतम हॉस्पिटल पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि सरकारी अस्पताल से रेफर किए जाने के बावजूद निजी अस्पताल ने सामान्य प्रसव कराने का भरोसा दिया, लेकिन समय पर उचित उपचार नहीं मिलने से मां और बच्चे दोनों की मौत हो गई।
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और लोग मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही है।