मुंगेली में भीषण गर्मी का कहर, जनजीवन प्रभावित
इमरान खोखर ब्यूरो चीफ
मुंगेली। जिले में इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित करना शुरू कर दिया है। तापमान लगातार बढ़कर 42 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिसके चलते दोपहर के समय सड़कों और बाजारों में सन्नाटा पसरने लगा है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। बाजारों में भी पहले की तुलना में भीड़ काफी कम नजर आ रही है, जिससे व्यापारिक गतिविधियों पर भी असर पड़ रहा है।
गर्मी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने बताया कि इस समय लू और डिहाइड्रेशन का खतरा सबसे अधिक रहता है, इसलिए लोगों को विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलें और यदि बाहर जाना अनिवार्य हो तो सिर को ढककर रखें, छाता या गमछे का उपयोग करें तथा हल्के और ढीले कपड़े पहनें।
डॉ. साहा ने पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, ठंडे पेय पदार्थों का सेवन करने और शरीर को हाइड्रेट रखने की सलाह दी है। साथ ही तले-भुने एवं अधिक मसालेदार भोजन से परहेज करने को कहा गया है। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से इस मौसम में अधिक सावधानी बरतने की आवश्यकता बताई गई है।
उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि किसी व्यक्ति को चक्कर आना, अत्यधिक कमजोरी, उल्टी या डिहाइड्रेशन जैसे लक्षण महसूस हों, तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और लोगों से सहयोग की अपील की जा रही है