जिला

पखांजूर। पुराने बाजार से महाराष्ट्र सीमा तक बनाई जा रही निर्माणाधीन सड़क अब विवादों में घिरती नजर आ रही है।

क्षेत्र के ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कहा है कि विकास कार्य की आड़ में PV19 समेत आसपास के पहाड़ों से कथित रूप से अवैध मुरुम खनन किया जा रहा है। साथ ही जंगलों में आग लगाए जाने के आरोपों ने भी लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

ग्रामीणों का कहना है कि शासन क्षेत्र के विकास और बेहतर आवागमन के लिए सड़क निर्माण करवा रहा है, लेकिन कुछ ठेकेदारों की मनमानी के कारण प्राकृतिक संसाधनों को नुकसान पहुंच रहा है। लोगों के अनुसार पहाड़ियों से भारी मात्रा में मुरुम निकाला जा रहा है, जिससे पर्यावरण संतुलन प्रभावित होने की आशंका है।

स्थानीय ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि कई स्थानों पर जंगलों में आग लगने की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे वन संपदा और वन्यजीवों को खतरा पैदा हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले समय में स्थिति और गंभीर हो सकती है।

मामले में अब तक किसी बड़ी कार्रवाई के सामने नहीं आने से लोगों में नाराज़गी बढ़ती जा रही है। ग्रामीण सवाल उठा रहे हैं कि आखिर जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही। क्षेत्र में यह चर्चा भी तेज है कि कहीं पूरे मामले की लीपापोती तो नहीं की जा रही।

ग्रामीणों ने प्रशासन और शासन से मांग की है कि विकास कार्यों को बदनाम करने वाले तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण जरूरी है, लेकिन इसके नाम पर जंगलों और पहाड़ों का नुकसान किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने तथा पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि विकास कार्य भी जारी रहें और क्षेत्र की प्राकृतिक संपदा भी सुरक्षित रह सके।

Leave Your Comment

Click to reload image