कांकेर-नारायणपुर सीमावर्ती जंगल क्षेत्र से भारी मात्रा में नक्सल सामग्री एवं आईईडी बरामद किया गया*
कांकेर।* कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। थाना कोयलीबेड़ा पुलिस, डीआरजी टीम एवं बीएसएफ सुरक्षा बलों की संयुक्त कार्रवाई में कांकेर-नारायणपुर सीमावर्ती जंगल क्षेत्र से भारी मात्रा में नक्सल सामग्री एवं आईईडी बरामद किया गया। सुरक्षा बलों ने मौके पर एक प्रेशर कुकर आईईडी को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुन्दरराज पी, डीआईजी बीएसएफ भानुप्रतापपुर दीपक तिवारी, कांकेर पुलिस अधीक्षक निखिल कुमार राखेचा तथा 40वीं वाहिनी बीएसएफ कोयलीबेड़ा के सेनानी रणधीर सिंह गिल के निर्देशन में जिले में लगातार नक्सल उन्मूलन अभियान चलाया जा रहा है।
विस्फोटक सामग्री बरामद
इसी अभियान के तहत 13 एवं 14 मई 2026 को थाना कोयलीबेड़ा पुलिस, डीआरजी और बीएसएफ की संयुक्त टीम द्वारा ग्राम डोमांज, आमाकोल एवं गट्टाकाल के मध्य स्थित जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सर्चिंग अभियान चलाया गया। सर्चिंग के दौरान जवानों को नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया एक नक्सल डम्प मिला, जिसमें विस्फोटक सामग्री और अन्य उपकरण बरामद किए गए।
बरामद हथियार और विस्फोटक
* बीजीएल सेल – 50 नग
* प्रेशर कुकर आईईडी – 02 नग
* पाइप आईईडी – 02 नग
* पेट्रोल बम – 05 नग
* बिजली वायर
* कॉर्डेक्स वायर
बरामद प्रेशर कुकर आईईडी में से एक लगभग 5 किलो तथा दूसरा करीब 3 किलो वजन का बताया जा रहा है। सुरक्षा बलों ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए एक आईईडी को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर नष्ट किया।
क्षेत्र में अभी भी सर्चिंग अभियान जारी है
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा बलों की सतर्कता और लगातार चलाए जा रहे अभियान के कारण नक्सलियों की विध्वंसक गतिविधियों को लगातार विफल किया जा रहा है। क्षेत्र में अभी भी सर्चिंग अभियान जारी है और जवानों को अलर्ट मोड पर रखा गया है
संयुक्त कार्रवाई में शामिल अधिकारी
इस अभियान में बीएसएफ और डीआरजी के कई अधिकारी एवं जवान शामिल रहे। इनमें माधो मुरारी लाल (एसी BSF), हिम्मत सिंह, जेपी बाना, सौरभ यादव, नरेंद्र नेताम सहित अन्य अधिकारी एवं जवान शामिल थे। वहीं अंकुश कुमार, थाना प्रभारी निर्मल जांगड़े, प्रकाश सिंह बिष्ट, ईशरू, सचिन एवं अनिल सिंह नेगी ने भी अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।