आयुर्वेद ग्राम सलिहा में ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’: किसानों को आधुनिक खेती में क्रांति लाने की नई दिशा शासन का अनूठा पहल*
बिहान छत्तीसगढ़ ब्यूरो चीफ -लाभो कुमार
सारंगढ़-बिलाईगढ़, छत्तीसगढ़
ग्राम पंचायत सलिहा में छत्तीसगढ़ शासन के कृषि विकास एवं किसान कल्याण विभाग तथा जैविक कृषि विभाग द्वारा “विकसित कृषि संकल्प अभियान” के अंतर्गत किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती की उन्नत तकनीकों की जानकारी दी जा रही है। यह अभियान 5 मई से 20 मई तक संचालित किया जा रहा है, जिसमें किसानों को खेती से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां व्यवहारिक रूप में समझाई जा रही हैं।
अभियान के दौरान किसानों को उद्यानिकी फसलों जैसे फल, सब्जियां, फूल एवं मसाला फसलों की खेती के बारे में बताया गया। साथ ही जैविक खेती को बढ़ावा देते हुए रसायन-मुक्त खेती, गोबर खाद, वर्मी कम्पोस्ट, जीवामृत एवं नीम आधारित उत्पादों के उपयोग पर विशेष जोर दिया गया।
किसानों को फसल चक्रण अपनाने की सलाह दी गई, जिससे मिट्टी की उर्वरता बनी रहती है और कीट एवं रोगों का प्रकोप कम होता है। इसके अलावा समय पर फसल बोनी, कतार में बोनी एवं उचित दूरी बनाए रखने की तकनीक भी समझाई गई।
अभियान में बीज उपचार को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया गया, जिसमें ट्राइकोडर्मा एवं राइजोबियम जैसे जैविक उपायों से बीजों को उपचारित कर बेहतर अंकुरण सुनिश्चित करने की जानकारी दी गई।
विशेषज्ञों द्वारा किसानों को मृदा परीक्षण, संतुलित उर्वरक उपयोग (नाइट्रोजन, फास्फोरस एवं पोटाश), हरी खाद एवं नील काई के उपयोग के बारे में भी मार्गदर्शन दिया गया। इसके साथ ही समेकित कीट प्रबंधन (IPM) के अंतर्गत नीम तेल एवं फेरोमोन ट्रैप जैसी तकनीकों को अपनाने पर बल दिया गया।
आधुनिक कृषि को बढ़ावा देने के लिए किसानों को उन्नत कृषि यंत्रों एवं ड्रोन तकनीक के उपयोग की जानकारी दी गई, जिससे समय एवं लागत की बचत संभव है। जल संरक्षण के तहत ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई प्रणाली अपनाने की सलाह दी गई।
अभियान में समन्वित कृषि प्रणाली (फसल, पशुपालन एवं मत्स्य पालन का समन्वय) को आय बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बताया गया। साथ ही मूल्य संवर्धन एवं प्रसंस्करण के जरिए कृषि उत्पादों से अधिक लाभ कमाने के तरीके भी समझाए गए।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रायगढ़ से ज्योति साहू कृषि कालेज रायगढ़ में सहायक प्राध्यापक हैं विशिष्ट अतिथि डॉ सोनाली सोलहेकर ,वरिष्ठ कृषि अधिकारी के के साहू,मत्स्य निरिक्षक प्रगति सोनवानी, ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी ऋचा साव, पशुधन विभाग से साल कुमार जगत,व क्षेत्रीय ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी (कृषि वेशेषज्ञ) रामगुलाल साहु, कार्यक्रम की अध्यक्षता सरपंच श्रीमती महोदया छतबाई टंडन,सलिहा सोसायटी अध्यक्ष जयसिंह नाग, बाबूलाल ठाकुर, उन्नत किसान अमित अजगल्ले, भाजपा के युवा मोर्चा से संजू साहु, संतोष श्रीवास, ललित मिरी,जीवन नारायण साहू, कन्हैया लाल टंडन, जनपद सदस्य श्रीमती महोदया मंगली बाई नाग, और ग्रामीण सदस्य शामिल थे।मंच संचालन श्रीमान रामगुलाल साहु जी ( कृषि वैज्ञानिक) आर ए ई ओ ने बहुत महत्वपूर्ण प्रभावशाली एवं सुव्यवस्थित बेहतर से बेहतरिन ढंग से किया।
किसानों को कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) एवं किसान कॉल सेंटर के माध्यम से वैज्ञानिक सलाह लेने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य किसानों को आधुनिक, टिकाऊ एवं लाभकारी खेती की ओर प्रेरित करना है, जिससे वे कम लागत में अधिक उत्पादन कर अपनी आय बढ़ा सकें।