मुख्यमंत्री साय का प्रस्तावित दौरा स्थगित
मुख्यमंत्री साय का प्रस्तावित दौरा स्थगित सचिन तेंदुलकर आज पहली बार बस्तर आएंगे, यहां
बच्चों से मिलेंगे
क्रिकेट के महान खिलाड़ी मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर बुधवार को पहली बार बस्तर आ रहे हैं। वे यहां दंतेवाड़ा जिले के छिंदनार में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इलाके के खिलाड़ी बच्चों से मुलाकात भी करेंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी उनके साथ इस कार्यक्रम में शामिल होने वाले थे, लेकिन अपरिहार्य कारणों से उनका दौरा मंगलवार शाम ही रद्द कर दिया गया।
इतना ही नहीं, सचिन तेंदुलकर के प्रस्तावित दौरे में भी फेरबदल किया गया है। पहले उन्हें छिंदनार के अलावा गीदम के जावंगा और पनेड़ा के ग्राउंड में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भी शामिल होना था, लेकिन अब वे सिर्फ छिंदनार ही जाएंगे।
इस फेरबदल का कारण इलाके में मौसम की अनिश्चितता को बताया जा रहा है। बता दें कि 2 दिन पहले ही दंतेवाड़ा में तेज बारिश और आंधी के साथ काफी ओले बरसे थे, जिसके चलते कई घरों की छप्पर उड़ गई। फसलों को भी काफी नुकसान हुआ था।
हालांकि, इस फेरबदल के पीछे सुरक्षा कारणों से जुड़ी वजह भी सामने आ रही है, लेकिन अधिकारी इस विषय पर कुछ भी बोलने से बचते रहे। इधर इंद्रावती नदी के किनारे बसे छिंदनार गांव में सचिन के दौरे को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
गांव में उत्सव जैसा माहौल है। बच्चे समेत ग्रामीण इस पल का इंतजार कर रहे हैं। नक्सल प्रभावित रहे इस क्षेत्र के लिए यह दौरा विकास और नई उम्मीद के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है।