पत्रकार ने कलेक्टर से लगाई गुहार, दो भाइयों पर धमकी व षड्यंत्र के आरोप
बयान बदलने का दबाव, झूठे मामलों में फंसाने और सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार की शिकायत
गोविंद राम ब्यूरो चीफ
बलौदाबाजार।
जिले के एक पत्रकार ने कलेक्टर से शिकायत कर दो व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्रार्थी राघवेन्द्र सिंह जो कि स्थानीय समाचार पत्रों में जिला संवाददाता हैं, ने आरोप लगाया है कि गांधी चौक बलौदाबाजार निवासी ऋषि शुक्ला, आशीष शुक्ला दोनों बंधुओं द्वारा उन्हें लगातार धमकाया जा रहा है तथा झूठे मामलों में फंसाने का प्रयास किया जा रहा है।
शिकायत में बताया गया है कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध पूर्व से आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें प्रार्थी स्वयं एक प्रकरण में गवाह हैं। इसी कारण उन्हें बयान बदलने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। मना करने पर जान से मारने, शहर छोड़ने और झूठे मामलों में फंसाने जैसी धमकियां दी गईं।
पत्रकार ने यह भी आरोप लगाया है कि दोनों व्यक्तियों द्वारा बिना पंजीकृत पोर्टल एवं सोशल मीडिया के माध्यम से उनके खिलाफ भ्रामक प्रचार किया जा रहा है। इस संबंध में पूर्व में भी पुलिस प्रशासन को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि एक अन्य व्यक्ति से धोखे से हस्ताक्षर कराकर उनके विरुद्ध झूठा आवेदन तैयार किया गया। संबंधित व्यक्ति ने बाद में शपथ पत्र देकर प्रार्थी को निर्दोष बताया है। इसके अलावा एक अन्य मामले में भी मरीज से जुड़े घटनाक्रम में जबरन बयान दिलाने और षड्यंत्र रचने के आरोप लगाए गए हैं, जिसकी शिकायत साक्ष्यों सहित की जा चुकी है।
प्रार्थी ने कलेक्टर से मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें सुरक्षा मिल सके और न्याय सुनिश्चित हो। इस संबंध में शिकायत की प्रतिलिपि राज्यपाल, मुख्यमंत्री, गृहमंत्री, पुलिस अधीक्षक, प्रेस क्लब सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है।