जिला

रील बनाकर भीमराव अंबेडकर के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी

दुर्ग-भिलाई

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में युवती ने सोशल मीडिया पर डॉ. भीमराव अंबेडकर के खिलाफ आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी की है। वीडियो वायरल होने के बाद रविवार को बड़ी संख्या में लोगों ने थाने का घेराव किया और सख्त कार्रवाई की मांग की।

इस दौरान कई महिलाएं थाने के अंदर पहुंच गईं और जमकर नारेबाजी की। हालांकि पुलिस ने स्थिति पर काबू पा लिया। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है। मामला भिलाई नगर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक वैशाली नगर की रहने वाली अनामिका उपाध्याय ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर बाबा साहब के खिलाफ आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी की थी। पोस्ट के सामने आने के बाद समाज के लोगों में नाराजगी फैल गई।

थाने के अंदर घुसकर नारेबाजी

समाज के खिलाफ लगातार की जा रही आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर रविवार को बड़ी संख्या में लोग भिलाई नगर थाने पहुंचे। समाज के लोगों का आरोप है कि युवती सोशल मीडिया पर लगातार एक समाज को निशाना बनाकर वीडियो बना रही है।

उसने भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर के खिलाफ भी आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया, जिससे लोगों में आक्रोश है। कार्रवाई की मांग को लेकर महिलाएं थाने के अंदर पहुंच गईं और नारेबाजी करने लगीं।

रविवार को इस मामले को लेकर मूल निवासी संघ, भीम आर्मी और अन्य संगठनों के लोग बड़ी संख्या में थाना पहुंचे। उन्होंने थाने का घेराव किया और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि बाबा साहेब ने देश के लिए बहुत बड़ा योगदान दिया है। उन्होंने महिलाओं को अधिकार दिलाने और समाज को बराबरी का हक देने के लिए काम किया। ऐसे महान व्यक्ति के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी करना गलत है और इसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 299 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave Your Comment

Click to reload image