जिला

निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर यूरिया बिक्री की शिकायत पर प्रशासन सख्त, कृषि केंद्रों का औचक निरीक्षण

इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली 
मुंगेली । जिले में निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर यूरिया बिक्री की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर कुंदन कुमार एवं जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पांडेय के निर्देश पर एसडीएम अजय शतरंज के नेतृत्व में संयुक्त टीम द्वारा जिला मुख्यालय के विभिन्न निजी कृषि केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान सुपर एजेंसी, पंजाब एजेंसी, कैलाश ट्रेडर्स, शक्ति माई कृषि केंद्र सहित अन्य उर्वरक विक्रेताओं की गहन जांच की गई। टीम में उप संचालक कृषि एवं नायब तहसीलदार भी शामिल रहे। अधिकारियों ने मौके पर उपस्थित किसानों से सीधे बातचीत कर यूरिया की बिक्री दर, उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की जानकारी ली, ताकि वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके।

जांच के दौरान पीओएस मशीन, स्टॉक रजिस्टर और बिक्री रसीदों का बारीकी से निरीक्षण किया गया। यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया कि कहीं निर्धारित दर से अधिक कीमत तो नहीं वसूली जा रही है या किसी प्रकार की अनियमितता तो नहीं हो रही है।

प्रशासन ने सभी विक्रेताओं को सख्त निर्देश दिए कि किसानों को केवल किसान पोर्टल में दर्ज रकबा के आधार पर ही शासन द्वारा तय दर पर यूरिया उपलब्ध कराया जाए। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अतिरिक्त वसूली पाए जाने पर संबंधित विक्रेता के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

इसके साथ ही किसानों से भी अपील की गई है कि यदि किसी भी केंद्र पर निर्धारित मूल्य से अधिक राशि ली जाती है, तो इसकी सूचना तत्काल प्रशासन या संबंधित विभाग को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Leave Your Comment

Click to reload image