जिला

बलौदाबाजार प्रेस क्लब में दिखी एकता और भाईचारे की मिसाल, तीन वरिष्ठ पत्रकारों का जन्मदिन हर्षोल्लास से मनाया गया

गोविन्द राम ब्यूरो चीफ 
बलौदाबाजार

बलौदाबाजार प्रेस क्लब में शनिवार 4 अप्रैल को पत्रकारों के बीच आपसी एकता, भाईचारे और आत्मीयता की अनूठी झलक देखने को मिली। प्रेस क्लब के वरिष्ठ पत्रकार, प्रमुख सलाहकार एवं अपनी निर्भीक और बेबाक लेखनी के लिए पहचाने जाने वाले राघवेंद्र सिंह का जन्मदिन प्रेस क्लब भवन में बड़े ही सादगीपूर्ण लेकिन उत्साहपूर्ण माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर केक काटकर, बुके भेंट कर, फूलमालाओं से स्वागत करते हुए उन्हें जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं तथा उपस्थित साथियों ने मिठाई खिलाकर अपनी खुशियाँ साझा कीं।
कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि नवरात्रि के व्यस्त दिनों के कारण अपने निर्धारित तिथि पर जन्मदिन नहीं मना पाने वाले प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष दिलीप महेश्वरी एवं वरिष्ठ पत्रकार उमेश बाजपेयी का जन्मदिन भी इसी अवसर पर सामूहिक रूप से मनाया गया। इस प्रकार प्रेस क्लब के तीन प्रमुख और सक्रिय सदस्यों का जन्मदिन एक साथ मनाते हुए पत्रकारों ने आपसी सौहार्द और संगठनात्मक एकता का परिचय दिया।
इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष नरेश गनशानी ने कहा कि राघवेंद्र सिंह, दिलीप महेश्वरी और उमेश बाजपेयी जैसे वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार प्रेस क्लब के मजबूत आधार स्तंभ हैं। उन्होंने कहा कि इनकी निर्भीक, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक संदेश देने के साथ ही प्रेस क्लब की गरिमा को भी निरंतर बढ़ा रही है। उन्होंने तीनों पत्रकारों को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके स्वस्थ, सुखद और उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पत्रकारों ने भी अपने-अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रेस क्लब केवल एक संस्था ही नहीं बल्कि एक परिवार है, जहाँ सभी सदस्य एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ खड़े रहते हैं। जन्मदिन जैसे अवसरों को सामूहिक रूप से मनाना इसी पारिवारिक भावना और आपसी भाईचारे का प्रतीक है।
इस दौरान सभी सदस्यों ने मिलकर स्वल्पाहार ग्रहण किया और आपसी संवाद के माध्यम से पत्रकारिता से जुड़े अनुभव साझा किए। कार्यक्रम के अंत में सभी के लिए सामूहिक भोजन की व्यवस्था भी की गई थी, जिसमें प्रेस क्लब के सभी सदस्यों ने एक साथ बैठकर भोजन किया। यह दृश्य प्रेस क्लब की एकता, भाईचारा, पारस्परिक सम्मान और संगठनात्मक मजबूती का प्रतीक बन गया।
इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष नरेश गनशानी, उपाध्यक्ष दिलीप महेश्वरी, सचिव विजयशंकर तिवारी, कोषाध्यक्ष राजेश्वर गिरी, वरिष्ठ पत्रकार राघवेंद्र सिंह, उमेश बाजपेयी, राजकुमार वलेचा, आभाष शर्मा, पुष्पकांत मेजर सहित प्रेस क्लब के अन्य सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर इस आयोजन को यादगार बनाया और भविष्य में भी इसी तरह एकता और सहयोग की भावना को बनाए रखने का संकल्प लिया।

Leave Your Comment

Click to reload image