मुंगेली में आबकारी विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई, अवैध शराब के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार
इमरान खोखर ब्यूरो चीफ
मुंगेली। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में दिनांक 30 मार्च 2026 को आबकारी वृत्त पथरिया की टीम ने अलग-अलग गांवों में दबिश देकर बड़ी मात्रा में अवैध देशी मदिरा जब्त की और आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम खरसोला में आबकारी टीम ने कार्रवाई करते हुए धनसाय दिवाकर (24) पिता दिवाकर, निवासी खरसोला को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 33 पाव (करीब 5.940 लीटर) देशी मदिरा जब्त की गई। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इसी तरह ग्राम पंडियाइन में टीम ने दबिश देकर डिकेश्वर साहू (21) पिता जगदीश साहू को पकड़ा। उसके पास से 43 पाव (लगभग 7.740 लीटर) देशी शराब बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(ख), 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण कायम कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
वहीं ग्राम खैरझिटी में उमेद नवरंग के कब्जे से 3.000 लीटर हाथभट्टी महुआ शराब जब्त की गई। इस मामले में आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) के तहत कार्रवाई की गई है।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध कारोबार में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।