जिला

कर्मवीर रत्न सम्मान से सम्मानित हुईं शिक्षिका सीमा वर्मा, शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान का मिला सम्मान

बालोद । जिले के गुण्डरदेही विकासखंड अंतर्गत शासकीय हाई स्कूल देवरी (द) में पदस्थ व्याख्याता सीमा वर्मा को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए कर्मवीर रत्न सम्मान से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें शिक्षा कला प्रतिभा अकादमी छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में प्रदान किया गया।

यह गरिमामय कार्यक्रम बीते रविवार को रायपुर में आयोजित हुआ, जहां प्रदेशभर से चयनित प्रतिभाओं को उनके विशिष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिलाईगढ़ की विधायक कविता प्राण लहरे, विशिष्ट अतिथि के रूप में छ.ग फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन व कार्यक्रम में संस्था के संस्थापक संजय कुमार मैथिल, उपाध्यक्ष मीना भारद्वाज विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर शिक्षा, कला एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कई प्रतिभागियों को मंच पर सम्मानित किया गया।
 सीमा वर्मा को यह सम्मान उनके समर्पित शिक्षण कार्य, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में योगदान एवं शिक्षा के प्रति उनकी लगन को देखते हुए प्रदान किया गया। उन्होंने अपने कार्यकाल में विद्यार्थियों को न केवल शैक्षणिक रूप से आगे बढ़ाने का प्रयास किया, बल्कि उन्हें नैतिक मूल्यों, अनुशासन और रचनात्मक गतिविधियों से भी जोड़ा है।

सम्मान प्राप्त होने पर वर्मा ने इसे अपने विद्यालय, सहकर्मियों और विद्यार्थियों को समर्पित करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उन्हें भविष्य में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने शिक्षा को समाज के विकास की आधारशिला बताते हुए कहा कि एक शिक्षक का कर्तव्य केवल पढ़ाना ही नहीं, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में अहम भूमिका निभाना भी है।

इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों ने सीमा वर्मा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह सम्मान न केवल उनके लिए, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है।

Leave Your Comment

Click to reload image