जिला

मुंगेली में साक्षरता अभियान को मिली गति, 13 हजार से अधिक असाक्षरों का पंजीयन, 7,948 ने दी परीक्षा

इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली 
मुंगेली । कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार एवं जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय के मार्गदर्शन में ‘उल्लास-नव भारत साक्षरता कार्यक्रम’ के अंतर्गत बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान परीक्षा का सफल आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत जिले में कुल 13 हजार 623 असाक्षरों का पंजीयन किया गया, जिनमें से 7 हजार 948 शिक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया।

परीक्षा में शामिल होने वालों में 5 हजार 902 महिलाएं एवं 2 हजार 46 पुरुष शामिल रहे, जो जिले में साक्षरता के प्रति बढ़ती जागरूकता का संकेत है। यह परीक्षा जिले के 277 परीक्षा केन्द्रों में शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।

इस बार एक विशेष पहल के तहत जिला उप जेल करही देवरी में भी साक्षरता कार्यक्रम का विस्तार किया गया, जहां 15 विचाराधीन बंदियों को इस अभियान से जोड़ा गया। इनमें से 13 बंदियों ने परीक्षा में भाग लेकर शिक्षा के प्रति अपनी रुचि दिखाई।

परीक्षा की गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी एल.पी. डाहिरे, जिला मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा अशोक सोनी एवं जिला परियोजना अधिकारी साक्षरता मिशन रविन्द्र तिवारी सहित निरीक्षण दल ने विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान स्कूल भवन, शौचालय एवं साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। प्राथमिक शाला फंदवानी एवं बाघामुड़ा में स्वच्छता व्यवस्था में कमी पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई गई।

जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि उल्लास कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को भी साक्षरता अभियान से जोड़ने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। कक्षा 10वीं एवं 12वीं के छात्र-छात्राओं द्वारा अपने आसपास के 10 असाक्षरों को साक्षर बनाने पर बोर्ड परीक्षा में 10 बोनस अंक देने का प्रावधान किया गया है। इस वर्ष जिले से कक्षा 10वीं के 43 एवं 12वीं के 56, कुल 99 विद्यार्थियों के लिए बोनस अंक हेतु प्रस्ताव बोर्ड को भेजा गया है।

उन्होंने बताया कि इस अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। यह पहल न केवल साक्षरता दर बढ़ाने में सहायक होगी, बल्कि समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता और सहभागिता को भी मजबूत करेगी।

Leave Your Comment

Click to reload image