शहीद दिवस पर अर्जुन्दा महाविद्यालय में स्वच्छता एवं पदयात्रा कार्यक्रम का हुआ आयोजन
बालोद । भारत सरकार युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा प्रायोजित मेरा युवा भारत जिला बालोद एवं राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के संयुक्त तत्वावधान में शहीद दिवस के पावन अवसर पर शहीद भगत सिंह, शहीद सुखदेव सिंह एवं शहीद राजगुरु की स्मृति में शहीद दुर्वासा निषाद शासकीय महाविद्यालय अर्जुन्दा के राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के स्वयंसेवकों द्वारा पदयात्रा एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय परिसर से हुई। इसके पश्चात छात्र-छात्राओं द्वारा नगर में पदयात्रा निकाली गई, जिसमें देशभक्ति के नारों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता, देशभक्ति एवं सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक किया गया।
पदयात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाते हुए कचरा एकत्र किया तथा आमजन को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया। इस अवसर पर वक्ताओं ने शहीदों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनके आदर्श आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ सोमाली गुप्ता, डॉ लीना साहू जिला संगठक राष्ट्रीय सेवा योजना जिला बालोद,किशोर कुमार टंडन कार्यक्रम अधिकारी राष्ट्रीय सेवा योजना समस्त स्वयंसेवक प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में सभी ने स्वच्छता बनाए रखने एवं राष्ट्रहित में कार्य करने की शपथ ली।