मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता जांचने स्कूल पहुंचे मानवाधिकार टीम के संभाग उपाध्यक्ष
जांजगीर-चांपा।
राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं अपराध नियंत्रण ब्यूरो की जांजगीर टीम के संभाग उपाध्यक्ष रामकुमार द्वारा क्षेत्र के शासकीय स्कूलों का निरीक्षण कर मध्याह्न भोजन व्यवस्था का जायजा लिया गया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को दिए जाने वाले पके हुए भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, निर्धारित मीनू (Menu) के पालन और पोषण स्तर की बारीकी से जांच की।
निरीक्षण के दौरान यह देखा गया कि भोजन ताज़ा, गर्म और स्वच्छ तरीके से तैयार किया जा रहा है या नहीं। साथ ही रसोईघर की साफ-सफाई, खाना बनाने एवं परोसने में उपयोग होने वाले बर्तनों की स्वच्छता का भी विशेष ध्यान रखा गया। बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे पीने के पानी की गुणवत्ता की भी जांच की गई।
रामकुमार ने बताया कि इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य बच्चों को गर्म, पौष्टिक एवं स्वच्छ भोजन सुनिश्चित करना और किसी भी प्रकार की अनियमितताओं को रोकना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निरीक्षण के दौरान यदि किसी प्रकार की कमी या लापरवाही पाई जाती है, तो संबंधित रसोइया या स्वयं सहायता समूह के खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
इस दौरान स्कूल स्टाफ को भी निर्देशित किया गया कि वे मध्याह्न भोजन योजना के तहत सभी मानकों का पालन सुनिश्चित करें, ताकि बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण में कोई कमी न आए।