श्रमिकों का शतप्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित कर योजनाओं का दें लाभ: कलेक्टर
गर्मी के मौसम में पेयजल की उपलब्धता के लिए सक्रियता से कार्य करने दिए निर्देश
कलेक्टर ने ली समय-सीमा की बैठक
पीएम सूर्यघर, बच्चों का आधार पंजीयन सहित विभिन्न योजनाओं में लक्षित प्रगति हासिल करने किया प्रोत्साहित
इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली
मुंगेली । कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों की योजनाओं और गतिविधियों की गहन समीक्षा की और लक्षित प्रगति लाने निर्देशित किया। बैठक में उन्होंने मुख्यमंत्री घोषणा, पीएम जनमन योजना के अंतर्गत आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, आजीविका मिशन तथा श्रम विभाग सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की और समय-सीमा में बेहतर प्रगति के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने श्रम विभाग के अंतर्गत निर्माण कर्मकार मंडल सहित विभिन्न योजनाओं के लिए विशेष पंजीयन शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक श्रमिकों का पंजीयन श्रमेव जयते एप के माध्यम से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना, निःशुल्क गणवेश योजना तथा निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना की प्रगति की जानकारी लेते हुए श्रमिक सम्मेलन की तर्ज पर व्यापक पंजीयन अभियान चलाने को कहा। बैठक में कलेक्टर ने भूमिहीन मजदूरों के सर्वेक्षण एवं उनके शत-प्रतिशत पंजीयन तथा स्व-सहायता समूहों के अंतर्गत स्वच्छता दीदी सहित अन्य समूहों के पंजीयन के लिए भी शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जिले में ग्रीष्मकालीन पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जल संकट वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर ट्यूबवेल बोरिंग के माध्यम से जल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल की उपलब्धता के लिए सक्रियता से कार्य करने को कहा। कलेक्टर ने पथरिया क्षेत्र में पेयजल की बेहतर व्यवस्था पर जनपद सीईओ की सराहना की। उन्होंने जल जीवन मिशन में धीमी प्रगति पर पीएचई के ईई की सेलरी रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने अग्निवीर योजना के तहत युवाओं के पंजीयन की जानकारी लेते हुए अधिक से अधिक युवाओं को भर्ती रैली में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने और इसके लिए खिलाड़ियों एवं युवाओं में जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए।
बैठक में पीवीटीजी समुदाय के वनाधिकार पट्टा (एफआरए) आवेदनों, अंत्यावसायी विभाग अंतर्गत पीएम अजय, अभ्युदय योजना की समीक्षा करते हुए आवश्यक प्रगति लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने मार्च के अंत तक इन योजनाओं में निर्धारित लक्ष्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके अलावा कलेक्टर ने स्कूलों में बच्चों के आधार पंजीयन की प्रगति की जानकारी लेते हुए मार्च अंत तक शत-प्रतिशत आधार पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होने आधार पंजीयन में खराब प्रगति पर ईडीएम, बीईओ, बीआरसी को नोटिस जारी करने के लिए कहा। बैठक में कलेक्टर ने पीएम श्री स्कूलों के निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए मोतिमपुर, लालपुर, पथरिया और लोरमी में स्कूल भवनों के निर्माणाधीन कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंनेे जल शक्ति अभियान के अंतर्गत जल संरक्षण एवं संवर्धन के लिए जिले में रेनवॉटर हार्वेस्टिंग को बढ़ावा देने तथा जल संरक्षण के लिए विभिन्न संरचनाओं के निर्माण पर भी जोर दिया।
कलेक्टर ने खाद-बीज की उपलब्धता और भंडारण की स्थिति की समीक्षा करते हुए किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद-बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही गैस सिलेंडर की आपूर्ति व्यवस्था, जनगणना मकान सूचीकरण, पीएम राहत योजना, आयुष्मान योजना तथा वय वंदना योजना की प्रगति में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों से कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए और इसके लिए विभागीय समन्वय के साथ प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज, लोरमी एसडीएम अजीत पुजारी, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।