जिला

पांचवीं बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष ने बांटे पेन, की उज्जवल भविष्य की कामना

गोविन्द राम ब्यूरो चीफ 
 पलारी

संकुल केंद्र दतान में पांचवीं बोर्ड परीक्षा के प्रथम दिवस पर विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन के लिए एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष गोविंद रात्रे ने परीक्षा में शामिल होने वाले सभी छात्र-छात्राओं को पेन (कलम) भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों को आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि विद्यार्थी ही देश का भविष्य हैं और शिक्षा के माध्यम से ही समाज व राष्ट्र का विकास संभव है।
अध्यक्ष गोविंद रात्रे ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि परीक्षा जीवन का एक सामान्य पड़ाव है, इसलिए किसी प्रकार का डर या तनाव मन में न रखें। शांत मन और पूरी लगन के साथ प्रश्नों को पढ़कर उत्तर लिखें, सफलता अवश्य मिलेगी। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और सकारात्मक सोच अपनाने की भी सलाह दी।
ग्राम दतान के अंतर्गत संचालित तीन प्राथमिक शालाओं जिसमें शासकीय प्राथमिक शाला गुढ़ियारी (प), शासकीय प्राथमिक शाला बालक दतान तथा शासकीय प्राथमिक शाला बालिका दतान में अध्ययनरत सभी कक्षा पाँचवीं के विद्यार्थियों को परीक्षा के पहले दिन कलम प्रदान कर उनका हौसला बढ़ाया गया। इस पहल से विद्यार्थियों के चेहरे पर उत्साह और आत्मविश्वास स्पष्ट रूप से देखने को मिला।
शाला परिवार ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि इस प्रकार के छोटे-छोटे प्रोत्साहन विद्यार्थियों के मनोबल को बढ़ाते हैं और उन्हें पढ़ाई के प्रति और अधिक प्रेरित करते हैं। शिक्षकों ने भी बच्चों को शुभकामनाएँ देते हुए परीक्षा को निडर होकर देने तथा अपने ज्ञान का सर्वोत्तम प्रदर्शन करने की सलाह दी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षकगण, शाला प्रबंधन समिति के सदस्य एवं स्थानीय ग्रामीण भी उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों को आगामी परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave Your Comment

Click to reload image